सोमवार को जेईई एडवांस के नतीजे घोषित कर दिए गए। 40,000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने यह परीक्षा उत्तीर्ण की है। इन परीक्षाओं में प्रथम स्थान आईआईटी बॉम्बे जोन के चिराग फलोर ने हासिल किया है। जबकि दूसरे स्थान पर आईआईटी रुड़की जोन की कनिष्का मित्तल हैं।
चिराग ने कुल 396 अंकों में से 352 अंक अर्जित किए हैं। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाली कनिष्का मित्तल ने 396 में से 315 अंक हासिल किए हैं। 1,50,838 छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने जेईई मेन परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद जेईई एडवांस की परीक्षा दी थी। इनमें से 43,204 छात्र इन परीक्षाओं में कामयाब हुए हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने सोमवार को जेईई एडवांस की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को बधाई दी। शिक्षा मंत्री ने टॉप करने वाले छात्रों से फोन पर स्वयं बात की। इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को कोरोना संकट की कठिन परिस्थितियों में सफलतापूर्वक परीक्षा करवाने के लिए भी बधाई दी।
निशंक ने एनटीए की तारीफ करते हुए कहा, शिक्षा मंत्रालय ने कोरोना संकट के बावजूद परीक्षाएं करवाने का निर्णय लिया था और इसकी जिम्मेदारी एनटीए को सौंपी थी। एनटीए ने यह जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। सभी छात्रों एवं शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान रखते हुए परीक्षा केंद्रों में व्यवस्था की गई थी। केंद्रीय मंत्री ने परीक्षा देने वाले एवं पास होने वाले सभी छात्रों को बधाई दी। उन्होंने सभी अभिभावकों का इस कठिन समय में सरकार पर विश्वास जताने पर आभार व्यक्त किया।
इसके अलावा निशंक ने परीक्षा में टॉप करने वाले छात्रों से बात करके उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। छात्रों की मेहनत की सराहना करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा, छात्रों ने इस मुश्किल दौर में खुद को मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाये रखा, जो कि काफी सराहनीय है। मैं सभी छात्रों को बधाई देता हूं और उनके बेहतर भविष्य की कामना करता हूं।


Download Android App
Download iOS App



