नोएडा, 6 अगस्त (आईएएनएस)। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्गों, शिविरों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
5 अगस्त को दिन के समय डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा कमलेश कांत के साथ थाना बादलपुर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग और कांवड़ शिविरों (पंडालों) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता तथा चिकित्सा सहायता जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। वहीं, देर रात भी पुलिस अधिकारियों का निरीक्षण अभियान जारी रहा।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह ने थाना फेस-3 और सेक्टर-63 क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग एवं कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने भी सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसीपी दीक्षा सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखें तथा किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ तैनात रहें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लाखों श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें और पूरे जनपद में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



