झारखंड: 15 आईएएस अफसरों का तबादला, पूजा सिंघल बनीं आईटी और ई-गवर्नेंस सेक्रेटरी

Summary :

कृपानंद झा का तबादला, अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के सचिव बने

झारखंड में 15 आईएएस अफसरों के तबादले और पोस्टिंग का नोटिफिकेशन जारी किया गया। मनी लॉन्ड्रिंग के केस में जमानत मिलने के बाद हाल में निलंबन मुक्त की गईं पूजा सिंघल को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग के सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। वह झारखंड कम्युनिकेशन नेटवर्क लिमिटेड की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी। योजना एवं विकास विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत रहे मस्त राम मीना को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में प्रधान सचिव के पद पर भेजा गया है। उन्हें प्रभारी सदस्य, राजस्व पर्षद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

परिवहन विभाग के सचिव के पद पर पदस्थापित कृपानंद झा का तबादला अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव के पद पर किया गया है। विप्रा भाल को परिवहन विभाग में सचिव के पद पर पोस्टिंग दी गई है। वह परिवहन आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी। भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल को अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ खान एवं भू-तत्व विभाग, उद्योग विभाग के सचिव और झारखंड राज्य खनिज विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

खान एवं भू-तत्व विभाग में सचिव के रूप में कार्यरत रहे जितेंद्र कुमार सिंह का तबादला श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग में इसी पद पर किया गया है। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार को स्थानांतरित करते हुए योजना एवं विकास विभाग में इसी पद पर भेजा गया है। पदस्थापना के लिए प्रतीक्षारत राजेश्वरी बी. को वित्त विभाग में विशेष सचिव के रूप में पदस्थापित किया गया है। वित्त विभाग के संयुक्त सचिव सौरभ कुमार भुवानिया को अगले आदेश तक झारखंड अन्वेषण एवं खनन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हाल में राज्य सरकार की गैर प्रशासनिक सेवा के आईएएस में प्रोन्नति पाने वाले छह अफसरों की भी नई पोस्टिंग की गई है। इनमें कंचन सिंह को झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसायटी में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। धनंजय कुमार सिंह को वित्त विभाग में संयुक्त सचिव, सीता पुष्पा को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में संयुक्त सचिव, विजय कुमार सिन्हा को उत्पाद आयुक्त बनाया गया है। उन्हें झारखंड राज्य बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रीति रानी को उद्योग विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। राजेश प्रसाद को माध्यमिक शिक्षा के निदेशक के रूप में पदस्थापित किया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.