रांची, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड में बिजली आपूर्ति की खराब स्थिति और हालिया दर वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने राज्यभर में प्रदर्शन किया। पार्टी के आह्वान पर जिला मुख्यालयों में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के कार्यालयों के समक्ष कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
राजधानी रांची के डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी में जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर धरने में रांची के विधायक सीपी सिंह और हटिया के विधायक एवं पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने लगातार बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के बाद बढ़ी कथित अनियमित बिलिंग जैसे मुद्दे उठाए। धरने पर बैठे लोगों को संबोधित करते हुए विधायक सीपी सिंह ने राजधानी रांची में भीषण गर्मी के बीच आम उपभोक्ता लंबे समय तक बिजली कटौती झेल रहे हैं, जबकि प्रभावशाली वर्ग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया गया था, लेकिन स्थिति में सुधार के बजाय बिजली दरों में वृद्धि कर दी गई। हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उपभोक्ता परेशान हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल अनियंत्रित तरीके से बढ़े हैं। उनके मुताबिक शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं हुआ और बकाया के नाम पर कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो पार्टी आगे उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश खूंटी में नीलकंठ सिंह मुंडा और सुनीता सिंह, गुमला में सुदर्शन भगत और दिनेश उरांव, लोहरदगा में प्रवीण सिंह, जमशेदपुर में पूर्णिमा दास, पलामू में आलोक चौरसिया, गढ़वा में सत्येंद्र तिवारी, कोडरमा में डॉ. नीरा यादव, धनबाद में राज सिन्हा, बोकारो में दिलीप वर्मा, जामताड़ा में रणधीर सिंह, देवघर में नारायण दास, गोड्डा में अमित मंडल, दुमका में सुनील सोरेन और पाकुड़ में अमृत पांडे के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
–आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



