Jharkhand: पलामू में मारा गया माओवादी कमांडर तुलसी भुइयां, SLR राइफल बरामद

Summary :

हुसैनाबाद में नक्सली मुठभेड़, पुलिस ने मारा कमांडर

पलामू जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों ने माओवादी कमांडर तुलसी भुइयां को मुठभेड़ में मार गिराया। मौके से एसएलआर राइफल बरामद हुई। नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है, जिसमें कुछ अन्य नक्सलियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर हैं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और सुरक्षाबलों को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार रात से माओवादी नक्सलियों के सशस्त्र दस्ते के साथ जारी मुठभेड़ में पुलिस ने एक टॉप नक्सली कमांडर तुलसी भुइयां को मार गिराया है। मौके से एक एसएलआर राइफल भी बरामद की गई है। मुठभेड़ मंगलवार सुबह तक जारी है।बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में कुछ अन्य नक्सलियों को गोली लगी है। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है। पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन सहित सीआरपीएफ के बड़े अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोहम्मदगंज और हैदरनगर थाने की सीमावर्ती क्षेत्र सीताचुआं में 15 लाख के इनामी माओवादी नितेश के दस्ते के मूवमेंट की सूचना मिली थी। इस दस्ते में 10 लाख का इनामी संजय गोदराम भी शामिल है। सूचना के आधार पर पलामू पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ सर्च अभियान शुरू किया तो जंगल में छिपे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

गुजरात में PM मोदी का दूसरा दिन, गांधीनगर में किया भव्य रोड शो

इसके बाद पुलिस ने भी घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की। इसके पहले सोमवार को पड़ोसी जिले लातेहार के नेतरहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांच लाख का इनामी भाकपा माओवादी नक्सली कमांडर मनीष यादव को मार गिराया था। इसके साथ ही 10 लाख के इनामी नक्सली कुंदन खरवार को गिरफ्तार किया गया। 24 मई को भी लातेहार के इचवार जंगल में हुई मुठभेड़ में 10 लाख का इनामी पप्पू लोहरा और पांच लाख का इनामी प्रभात लोहरा मारे गए थे, जबकि एक घायल नक्सली को गिरफ्तार किया गया था।

इसके पहले, 21 अप्रैल को झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत ललपनिया स्थित लुगू पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों एवं पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी माओवादी कमांडर प्रयाग मांझी सहित आठ नक्सली मारे गए थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.