मेदिनीनगर, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के सुआ कौड़िया इलाके में एक युवक ने अपनी ममेरी बहन की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर हत्या कर दी और उसके कुछ ही घंटों बाद स्वयं भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
प्रथम दृष्ट्या इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग से उपजा विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बिट्टू कुमार सिंह और उसकी ममेरी बहन खुशबू कुमारी के बीच रविवार रात किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। खुशबू अपने मामा के घर रहकर ही पढ़ाई करती थी। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर बिट्टू ने घर में रखी टांगी से खुशबू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बिट्टू यह कहते हुए घर से फरार हो गया कि वह भी जान देने जा रहा है। सोमवार सुबह बिट्टू कुमार सिंह का क्षत-विक्षत शव पास के ही रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त टांगी को जब्त कर लिया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि मामला आपसी प्रेम प्रसंग में हुए विवाद का प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा, परिजनों के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर यह स्पष्ट है कि भाई ने बहन की हत्या की और फिर ग्लानि या डर वश खुदकुशी कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के जरिए घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
–आईएएनएस
एसएनसी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



