भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और कई राज्यों के उपचुनावों में भाजपा को मिली शानदार सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी कल्याणकारी नीतियों को दिया तथा इसे कोरोना महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई में सफलता पर केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों में जनता की मुहर बताया।
बिहार चुनाव और विभिन्न राज्यों के उपचुनावों में भाजपा की जीत की खुशी में राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने अपने ही अंदाज में विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए ‘‘बिहार में का बा’’ के सवाल का जवाब ‘‘बिहार में विकास बा’’ और बिहार में ‘‘गुंडाराज पर चोट बा’’ कहकर दिया। नड्डा ने कहा, ‘‘बिहार की जनता के साथ मध्य प्रदेश, गुजरात, मणिपुर, तेलंगाना या फिर कर्नाटक की जनता ने कमल पर मुहर लगाकर मोदी जी के काम पर मुहर लगाई है।’’
उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण ने बड़े-बड़े शक्तिशाली देशों और उनके नेतृत्व पर प्रश्नचिह्न खड़े किए और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को भी असहाय किया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 130 करोड़ लोगों के हित में न सिर्फ कठिन निर्णय लिए बल्कि देश को इस महामारी से लड़ने के लिए तैयार किया। नड्डा ने कहा, ‘‘बिहार की जनता ने मोदी जी के काम पर मुहर लगाई है। आत्मनिर्भर बिहार का जो काम शुरू हुआ है, उस पर भी जनता ने मुहर लगाई है।’’
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याण की नीतियों को मुहर लगाई है और ‘‘गुंडाराज’’ की जगह ‘‘विकास राज’’ को पसंद किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘बिहार की विकास की आकांक्षाओं के साथ बिहार की जनता ने भाजपा पर मुहर लगाई है।’’ उन्होंने कहा कि बिहार में देखने को मिला कि किस प्रकार से वहां की जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई लेकिन वहां की जनता ने ‘‘बाहुबली’’ को नकार दिया, लालटेन को नकार दिया और उसकी जगह एलईडी को चुना।
नड्डा ने कहा, ‘‘बिहार के चुनाव में एक बात की बहुत चर्चा हुई कि ‘बिहार में का बा’। उसमें से निकला ‘ई बा, ई बा’। सबसे बड़ी बात यह है बिहार में ‘विकास बा’, ’विकास के नाम पर वोट बा’ और ‘गुंडाराज पर चोट बा’।’’ प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर नड्डा की भी सराहना की और जीत को उनके कुशल नेतृत्व का परिणाम बताया।
मोदी ने कहा, ‘‘इन चुनाव परिणामों में भाजपा और राजग को अपार जनसमर्थन मिला है। इसके लिए भाजपा, राजग के कार्यकर्ता भाइयों-बहनों को बहुत-बहुत बधाई। ये चुनावी नतीजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी की कुशलता और प्रभावी रणनीति का भी परिणाम हैं।’’ उन्होंने नारे भी लगाए, ‘‘नड्डा जी आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं।”


Download Android App
Download iOS App



