भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया में शनिवार को आए उनके एक कथित बयान को लेकर रविवार को सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने ‘चॉकलेटी चेहरा’ किसी राजनेता के संदर्भ में नहीं कहा है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उन्होंने बॉलीवुड के लोगों के लिए जरूर चाकलेटी कहा लेकिन किसी राजनेता के लिए चाकलेटी चेहरा नहीं कहा।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने इस बात पर खेद जताया कि इसके बावजूद कुछ मीडिया संस्थानों ने इस तरह का बयान चलाया। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि मीडिया से जुड़े लोगों को इस तरह के गंभीर मामलों में पूरी तरह पुष्टि जरूर कर लेना चाहिए।
कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई देते हुए कहा कि कल उन्होंने एक प्रेस वार्ता की थी, जिसमें उनसे भोपाल से करीना कपूर औऱ इंदौर से सलमान खान को कांग्रेस की ओर से आगामी लोकसभा चुनाव में उतारे जाने के संदर्भ में प्रश्न पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के पास अब लीडर नहीं हैं। यही वजह है कि कांग्रेस अब फिल्मी चॉकलेटी चेहरों को चुनाव मैदान में उतार रही है।
फिल्मी सितारों के ‘चॉकलेटी चेहरों’ के बूते लोकसभा चुनाव लड़ना चाहती है कांग्रेस : विजयवर्गीय
लेकिन विजयवर्गीय के मुताबिक उनके इस बयान को गलत तरीके से कुछ मीडिया संस्थानों ने प्रस्तुत किया। वही, कल के घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपनाया और उसने आरोप लगाया कि भाजपा नेता महिलाओं के प्रति सम्मानजनक रुख नहीं रखते हैं।


Download Android App
Download iOS App




