दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के 4 दिन बाद ही पलट गए फिल्म अभिनेता कमल हासन। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार कमल हासन के राजनीति में आने को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कमल हासन ने बीजेपी से गठजोड़ की संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया है। कमल हासन ने कहा कि राजनीति में कोई भी अछूत नहीं होता है।
बीजेपी से गठजोड़ होने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल पर कमल हासन ने कहा, यदि यह मेरी विचारधारा के आड़े नहीं आता और यह सिर्फ प्रशासन के बारे में है, तो यह संभव है। कई बार आपको लोगों की भलाई के बारे में सोचना होता है। मुझे नहीं लगता कि वे मेरी विचारधारा से सहमत होंगे। यदि लोगों की भलाई की विषय है तो राजनीति में कोई भी अछूत नहीं होता है।
कमल हासन ने कहा, ‘अभी बीजेपी बेहद राइट की तरफ झुकी है। बीफ जैसे मुद्दे पर मैं सरकार के खिलाफ पूरी तरह मुखर रहा हूं। मैं बीफ खाता था, लेकिन अब मुझे छोड़ना पड़ा। इसका मतलब यह नहीं कि और लोगों को भी बीफ नहीं खाना चाहिए।’ जब हासन से पूछा गया कि क्या वह अब भी लेफ्ट की तरफ हैं, तो उन्होंने कहा कि पूरी तरह से नहीं।
उन्होंने कहा, ‘मुझे भी कुछ समझौते करने पड़ेंगे और लेफ्ट से सैंटर की तरफ आना होगा क्योंकि लोग ज्यादा मायने रखते हैं।’ जब उनसे पूछा गया कि क्या वह एक्टिंग छोड़ देंगे तो कमल हासन ने कहा, ‘यदि मुझे किसी संवैधानिक पद पर रहना है तो मुझे छोड़नी ही होगी। मैं फिर भी जुड़ा रहूंगा। लेकिन सक्रियता से अपनी भागीदारी दर्ज नहीं करा सकूंगा। क्योंकि उसके बाद मेरी प्रतिबद्धता किसी और चीज के साथ होगी।’


Download Android App
Download iOS App



