राजस्थान में उदयपुर जिले में भीण्डर नगर पालिका में जनता सेना के अध्यक्ष गोवर्धन भोई के खिलाफ पेश अवश्विास प्रस्ताव आज पारित हो गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसके साथ ही भीण्डर नगर पलिका में वल्लभनगर के विधायक एवं जनता सेना के अध्यक्ष रणधीरसिंह भीण्डर के नेतृत्व वाला बोर्ड खत्म हो गया। अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 16 पार्षदों ने मतदान किया जबकि विपक्ष में चार पार्षदों ने अपना मतदान किया।
भीण्डर नगरपालिका में 20 पार्षद है और इनमें जनता सेना के 17 पार्षद है जबकि तीन सीटें कांग्रेस की हैं। भारतीय जनता पार्टी का यहां एक भी पार्षद नहीं हैं।
गौरतलब है कि उपसभापति गिरिश सोनी के नेतृत्व में पालिका के 16 पार्षदों ने गत 14 सितम्बर को पालिका अध्यक्ष गोवर्धन भोई के खिलाफ जिला कलेक्टर के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। जिला कलेक्टर ने अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए आज की तारीख निश्चित की थी। इसके बाद से ही सभी 16 पार्षद भूमिगत हो गये थे।
पूर्व संसदीय सचिव गजेन्द्रसिंह शक्तावत एवं पालिका के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्रसिंह शक्तावत के साथ सभी सोलह पार्षदों ने आज कडी सुरक्षा के बीच पालिका में पहुंचकर अपना मत अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में मतदान किया।


Download Android App
Download iOS App



