राजस्थान राजस्व मंडल के अध्यक्ष वी श्रीनिवासन ने कहा कि मंडल के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिये अब सारे फैसले ऑनलाईन किये जायेंगे। श्रीनिवासन ने आज कहा कि मंडल में इसकी शुरूआत कल से होगी।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में चल रहे डिजीटलाईजेशन के दौर में मण्डल भी खुद को डिजीटली सशक्त करने जा रहा है। मण्डल के सारे फैसले बुधवार से ऑनलाईन उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही राजस्व न्यायालयों से संबंधित अन्य कामकाज भी ऑनलाईन किया जायेगा।
मण्डल का यह नवाचार जहां एक तरफ आम जनता को राहत प्रदान करेगा वहीं पारदर्शिता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि राजस्व मंडल को डिजिटल करके पंजीयन विभाग व राजस्व विभाग को भी आपस में जोडने के लिये डीआईएलआरएनपी कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडल में डिजिटलाइजेशन हेतु कई नवाचार प्रयोग में लाये जा रहे हैं। इसके तहत प्रथम बार राजस्व प्रकरणों (निर्णयों) को राजस्व मंडल की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इससे निर्णयों की जानकारी आम जनता को तुरंत हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि मण्डल में कुल लंबित 7498 प्रकरणों में से 6000 प्रकरणों में पिछले दो महीनों में रजिस्टर्ड नोटिस जारी किए गए हैं जो निर्णय शीघ, करने में महत्वपूर्ण कदम है। इसी प्रकार रीविजन प्रकरणों में संबंधित अधीनस्थ न्यायालयों की पत्रावलियों को मंगवाने के लिए स्मरण पत्र दिए जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



