Karnataka Ganesh Visarjan Violence: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में बीते बुधवार शाम भटकल टाउन में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान तनाव के हालात पैदा हो गए। दरअसल, आरोप है कि गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने रास्ते में मौजूद एक मस्जिद पर पत्थर फेंके, जिससे मस्जिद की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई, जब तालंद से शुरू हुआ जुलूस इस्माइल सुन्नी जामिया नामक मस्जिद और उसके परिसर में बने ताज-उस-सुन्नत अरबी मदरसे के पास से गुजर रहा था। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने इस्माइल सुन्नी जामिया मस्जिद के ऊपर पत्थर फेंके।
मस्जिद की चीजों को हुआ भारी नुकसान
बताया जा रहा है कि इस मामले में भटकल टाउन पुलिस स्टेशन में 67 वर्षीय अब्दुल अलीम और शाहुल अमीन गवाई ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि अज्ञात लोगों द्वारा मस्जिद और मदरसे की इमारत पर पत्थर फेंके जाने से वहां की खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर कन्नड़ जिले के एसपी ने तत्काल भटकल का दौरा किया और कहा कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में पहले ही शिकायत दर्ज की जा चुकी है और पुलिस इस पर तुरंत कार्रवाई करेगी। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
वहीं, मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके चलते एसपी ने घटनास्थल पर जमा लोगों से वहां से जाने की अपील की। साथ ही उन्होंने पुलिस को घटना की जांच करने देने का आग्रह किया। पुलिस ने सभी को आश्वासन देते हुए कहा है कि पत्थरबाजी की घटना की जांच की जा रही है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: अन्नपूर्णा योजना की नई किस्त जारी, पीएम मोदी बोले-इससे महिलाओं का बढ़ता है आत्मविश्वास


Download Android App
Download iOS App




