नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के करोल बाग इलाके में बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब करीब 25 यात्रियों से भरी एक बस झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के पास अचानक पलट गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। बस काफी तेज रफ्तार में थी। लोगों का कहना है कि स्पीड 80 से 100 के बीच रही होगी। बस ने संतुलन खोने के बाद एक-दो बार पलटी खाई और आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
एक चश्मदीद ने बताया कि बस पलटने के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। अंदर कई लोग फंसे हुए थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। एक छोटा बच्चा सीटों के बीच फंस गया था, जबकि एक महिला भी बुरी तरह फंसी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और करीब 100-150 लोगों ने मिलकर बस को संभालते हुए घायलों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सभी यात्रियों को बाहर निकालने में करीब आधा से एक घंटा लग गया। कई लोग खून से लथपथ थे और दर्द से कराह रहे थे। कुछ लोगों ने बताया कि 8-10 लोग गंभीर रूप से घायल थे। एक व्यक्ति ने कहा कि उसने खुद एक छोटी बच्ची को उठाकर बाहर निकाला, जबकि एक 5-6 साल के बच्चे को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पीसीआर वैन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जिनमें से कई को राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाया गया।
प्रारंभिक जांच में ड्राइवर की लापरवाही सामने आ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि ड्राइवर शायद झपकी ले रहा था, जिसकी वजह से बस अनियंत्रित हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।
–आईएएनएस
पीआईएम/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



