Canada Police: खालिस्तानी आतंकवादी अर्शदीप उर्फ अर्श डाला को आज कनाडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भारतीय सिक्योरिटी एजेंसी ने अर्श डाला की गिरफ्तारी की तस्दीक कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मारे गए खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर के साथी अर्श डाला को 27-28 अक्टूबर को कनाडा में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
भारत ने पिछले साल घोषित किया था आतंकी
अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डाला का जन्म लुधियाना में हुआ है। साल 2023 में भारत सरकार ने उसे आतंकवादी घोषित किया था। गृह मंत्रालय (MHA) की नोटिफिकेशन के अनुसार डाला प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स से जुड़ा हुआ है। उसके ऊपर हत्या, जबरन वसूली, लक्षित हत्याओं जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्तता के आरोप हैं। इसके अलावा आतंकवाद के वित्तपोषण, बड़े पैमाने पर ड्रग्स और हथियारों की सीमा पार तस्करी के भी आरोप हैं। अर्श डाला राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा दर्ज और जांच किए गए मुख्तलिफ मामलों में मुल्जिम है। इसमें लक्षित हत्या, आतंकी फंडिंग के लिए धन उगाही, हत्या की कोशिश, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना और पंजाब में लोगों में आतंक उत्पन्न करना शामिल है।
पंजाब में दो सहयोगी भी गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने पिछले महीने फरीदकोट जिले में सिख कार्यकर्ता गुरप्रीत सिंह हरि की हत्या मामले में कथित संलिप्तता के लिए अर्श डाला के दो गुर्गों को आज गिरफ्तार किया। दोनों ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जसवंत सिंह गिल (45) की भी हत्या कर दी थी।
भारत-कनाडा कूटनीति में तनाव
18 जून 2023 को सरे में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद से भारत और कनाडा के बीच तनाव बढ़े हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या का आरोप भारत के एजेंटों पर लगाया है।
दोनों देशों में बिगड़े संबंध
भारत ने अक्टूबर में अपने राजदूत संजय वर्मा को वापस बुलाया था। दरअसल, कनाडा के अफसरों ने निज्जर की हत्या की जांच में उन्हें और अन्य राजनयिकों को “रुचि के व्यक्ति” के रूप में नामित कर दिया था। मोदी सरकार ने इसकी निंदा की और छह कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित किया।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI‘ को अभी Subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



