Kiren Rijiju Statement on Rahul: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर बीजेपी ने कड़ा जवाब दिया है। बीजेपी के सीनियर नेता और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के बयानों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक असफलताओं को छिपाने के लिए बार-बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।
Kiren Rijiju Statement on Rahul: ‘राहुल गांधी मुद्दों से भाग रहे हैं’
रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को कोई पीपीटी बनाकर दे देता है, और वे उसी को दिखाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म कर देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब बिहार में दो दिन बाद चुनाव होने वाले हैं, तब राहुल गांधी हरियाणा की बात कर रहे हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस के पास अब बिहार में कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए जनता का ध्यान भटकाने के लिए हरियाणा का मामला उठाया जा रहा है।
Rahul Gandhi Press Conference: “हमने कभी चुनाव आयोग को निशाना नहीं बनाया”
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के इस आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी कि एग्जिट पोल कांग्रेस की जीत दिखा रहे थे। उन्होंने कहा कि 2004 के लोकसभा चुनाव में भी एग्जिट पोल्स ने एनडीए को जीतता दिखाया था, लेकिन नतीजे इसके उलट आए और यूपीए की सरकार बनी।रिजिजू ने कहा, “हमने उस वक्त परिणाम को स्वीकार किया, यूपीए को बधाई दी, लेकिन कभी चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाए।”

Rahul Gandhi: “हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है”
बीजेपी नेता ने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार दोनों को स्वीकार करना चाहिए। जब एग्जिट पोल कांग्रेस के पक्ष में आते हैं, तब राहुल गांधी मीडिया और सर्वे की तारीफ करते हैं, लेकिन जब परिणाम उनके खिलाफ आते हैं, तो वही मीडिया और संस्थाओं को गलत ठहराते हैं। रिजिजू ने कहा कि बीजेपी की असली ताकत उसके कार्यकर्ताओं का समर्पण और जमीनी संघर्ष है, जिसकी बदौलत पार्टी ने बार-बार जीत हासिल की है।
“कांग्रेस के नेता ही मान चुके हैं अपनी हार”
किरन रिजिजू ने आगे कहा कि कांग्रेस की हार का कारण बीजेपी नहीं, बल्कि कांग्रेस के अपने अंदरूनी मतभेद हैं। उन्होंने बताया कि जब हरियाणा में चुनाव चल रहे थे, तब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने खुद कहा था कि पार्टी वहां नहीं जीत पाएगी, क्योंकि कांग्रेस के ही कुछ नेता पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी तरह, कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री ने भी इस्तीफा देकर यह स्वीकार किया था कि पार्टी के नेता जमीनी स्तर पर सक्रिय नहीं हैं, इसलिए हार होना तय था।

“राहुल गांधी के आरोप बेबुनियाद हैं”
रिजिजू ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भी माना था कि पार्टी में ग्रासरूट स्तर पर तालमेल की कमी है। ऐसे में कांग्रेस की हार के लिए बीजेपी को दोष देना गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर हरियाणा में वास्तव में वोट चोरी हुई होती, तो कांग्रेस के पोलिंग एजेंट्स ने आपत्ति क्यों नहीं दर्ज कराई? वोटर लिस्ट में नाम काटने या जोड़ने की पूरी प्रक्रिया होती है, लेकिन कांग्रेस ने तब कोई शिकायत नहीं की।


Download Android App
Download iOS App




