कोलकाता: ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर कोलकाता में भाजपा की रैली

Summary :

रैली कॉलेज स्क्वायर से शुरू होकर एस्प्लेनेड पर समाप्त हुई

कोलकाता में भाजपा ने ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर मेगा रैली का आयोजन किया। रैली के दौरान ममता का पुतला जलाया गया और हिंदू विरोधी सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए। भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने ममता पर कुप्रशासन और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जिससे 26,000 युवाओं की नौकरी चली गई।

पश्चिम बंगाल भाजपा ने रविवार को कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर एक मेगा रैली का आयोजन किया। रैली कॉलेज स्क्वायर से शुरू होकर एस्प्लेनेड पर समाप्त हुई। रैली के दौरान सीएम ममता बनर्जी का पुतला बनाकर शव की तरह चार कंधों पर ले जाया गया। कार्यक्रम के अंत में उनका पुतला जलाया गया। इस दौरान नारे लगाए गए कि हिंदू विरोधी सरकार की जरूरत नहीं है। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, सांसद अभिजीत गांगुली, दिलीप घोष, राहुल सिन्हा, विधायक अग्निमित्रा पॉल समेत अन्य नेता मौजूद थे।

मुर्शिदाबाद में वक्फ एक्ट के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन, भाजपा ने ममता पर साधा निशाना

इस मौके पर भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि आज, पश्चिम बंगाल में हजारों भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया, क्योंकि सीएम ममता बनर्जी के कुप्रशासन और भ्रष्टाचार के कारण 26,000 युवाओं की नौकरी चली गई। 2016 में परीक्षा देने वाले 23 लाख युवक-युवतियां भी आज भी नौकरी से वंचित हैं। कोर्ट ने बार-बार ममता बनर्जी से योग्य और अयोग्य उम्मीदवारों को अलग करने को कहा, लेकिन उन्होंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया। 26,000 युवाओं की नौकरी चली गई और अब वे इसे भाजपा की साजिश बताकर राजनीति कर रही हैं। लेकिन बंगाल की जनता सच्चाई जान चुकी है। हम मांग करते हैं कि ममता बनर्जी को गिरफ्तार किया जाए।

इसके अलावा अग्निमित्रा पॉल ने वक्फ संशोधन कानून को लेकर कहा कि वक्फ बिल संसद के दोनों सदनों में पास किया गया। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह कानून बन गया। सीएम ममता बनर्जी का कहना है कि हम इस कानून को नहीं मानेंगे। सीएम ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून लागू नहीं होगा, वे यह कैसे कह सकती हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.