बिहार चुनाव में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने NDA से 40 सीटों की मांग रखी

Summary :

जीतन राम मांझी ने 40 सीटों पर दावा किया

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने एनडीए से 40 सीटों की मांग की है। पार्टी प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि 20 विधायकों के लिए 35-40 सीटें जरूरी हैं। उन्होंने 20 सूत्री समिति में पार्टी की उपेक्षा पर भी नाराजगी जताई।

बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इस बीच, एनडीए में शामिल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने चुनाव में 40 सीटों की मांग कर दी है। ‘हम’ के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने रविवार को कहा कि हम 20 विधायक चाहते हैं और इसके लिए 35-40 सीटें जरूरी हैं। उन्होंने 20 सूत्री समिति के गठन में पार्टी की उपेक्षा पर भी नाराजगी जताते हुए कहा, “अभी कुछ दिन पहले जिला 20 सूत्री समिति का गठन हुआ, लेकिन हमारी पार्टी के लोगों को जगह नहीं दी गई। प्रखंड स्तर पर भी 20 सूत्री समिति के गठन में भाजपा और जदयू ने आपस में सीटें बांट लीं।”

Bihar: RJD विधायक रीतलाल यादव के घर छापेमारी में 10.5 लाख नकद, 77.5 लाख के ब्लैंक चेक बरामद

मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जीतन राम मांझी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से 35-40 सीटों की मांग की जा रही है। हालांकि पार्टी में अभी इसे लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है। इतनी सीटें नहीं मिलने पर अगले कदम को लेकर जीतन राम मांझी ने कहा, “क्यों नहीं मिलेगी? हम हर हाल में एनडीए के साथ हैं और पूरी मजबूती से गठबंधन का समर्थन करेंगे।”

उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी को सम्मानजनक भागीदारी दी गई थी, वैसे ही विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की “औकात के हिसाब से” सीटें मिलेंगी। मांझी ने कहा कि बहुत जल्द पार्टी की ‘हम सेना’ का गठन किया जाएगा। साथ ही जिन सीटों पर पार्टी का जनाधार मजबूत है, ऐसी सीटों का चयन तेजी से किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पूर्णिया में आयोजित एक जनसभा में भी मांझी 40 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.