हिमाचल प्रदेश में मनाली पैराग्लाइडिंग करने के लिए जाना जाता है। आपने कई बार देखा होगा कि मनाली में एडवेंचर एक्टिविटीज के दौरान हादसे हो जाते हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल होता है। इस बीच एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें बैलेंस बिगड़ने की वजह से पैराग्लाइडर की क्रैश लैंडिंग करवानी पड़ी। पायलट पैराग्लाइडर के साथ बीच सड़क पर आकर गिरा, जिसके बाद लोग अफरा-तफरी में उसके पास भागने लगे। आइए जानते हैं वीडियो के बारे में विस्तार से…
कंट्रोल खोने के बाद पैराग्लाइडर की बीच सड़क लैंडिंग
जानकारी के अनुसार, ये घटना रायसन के पास चंडीगढ़-मंडी राजमार्ग की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि हवा में ही कंट्रोल खोने की वजह से पैराग्लाइडर अस्थिर हो गया। पायलट ने पास के वाहनों, लोगों और आवासीय क्षेत्र से बचाते हुए सड़क की तरफ मोड़ने की कोशिश की। लैंडिंग करते समय पायलट ग्लाइडर के साथ सड़क पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोग तुरंत पायलट की तरफ भागे और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत ये रही कि उस समाय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पायलट को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
मॉनसून में पैराग्लाइडिंग की इजाज़त क्यों दी जा रही है?
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर @iNikhilsaini नाम के यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया है। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, पहला सवाल… अगर हाईवे के बीच में गिरने के बाद उसे कोई कार टक्कर मार देती, तो क्या ड्राइवर को दोषी ठहराया जाता? और मॉनसून के आ जाने के बावजूद, पैराग्लाइडिंग की गतिविधियों की इजाज़त क्यों दी जा रही है?”
First doubt… if a car had hit him after he fell in the middle of the highway, would the driver have been held guilty? And with the monsoon already here, why are paragliding activities still being allowed? pic.twitter.com/DHXBaR7XSG
— Nikhil saini (@iNikhilsaini) July 5, 2026
किस वजह से हुआ हादसे?
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में तेज हवा को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि ये भी जांच की जा रही है कि पैराग्लाइडिंग करते समय सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। आपको भी मालूम होगा कि पिछले कुछ समय से पहाड़ी क्षेत्रों से पैराग्लाइडिंग के दौरान आपातकालीन लैंडिंग की कई खबरे सामने आई है। एडवेंचर एक्टिविटीज करते समय कई हादसे भी हुए हैं, जिसने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।























