लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर में उमड़े हजारों कश्मीरी, PoJK में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

Summary :

पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. हजारों प्रदर्शकारी दुनियाभर में पाकिस्तान प्रशासन के बर्बर शासन के खिलाफ आन्दोलन कर रहे हैं. खबर है कि किंगडम में रहने वाले हजारों कश्मीरी समुदाय के लोगों ने रविवार को सड़कों पर उतरकर पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया. ‘लंदन कश्मीर मिलियन मार्च’ के नाम से निकाले गए इस मार्च में प्रदर्शनकारियों ने पार्लियामेंट स्क्वायर से लेकर पाकिस्तान उच्चायोग तक रैली निकाली. सूत्रों के मुताबिक इस विरोध प्रदर्शन में करीब 50 हजार लोग शामिल हुए, जिनमें कश्मीरी समुदाय के अलावा बलोच और पश्तून समुदाय के लोग भी…

पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. हजारों प्रदर्शकारी दुनियाभर में पाकिस्तान प्रशासन के बर्बर शासन के खिलाफ आन्दोलन कर रहे हैं. खबर है कि किंगडम में रहने वाले हजारों कश्मीरी समुदाय के लोगों ने रविवार को सड़कों पर उतरकर पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया. ‘लंदन कश्मीर मिलियन मार्च’ के नाम से निकाले गए इस मार्च में प्रदर्शनकारियों ने पार्लियामेंट स्क्वायर से लेकर पाकिस्तान उच्चायोग तक रैली निकाली.

सूत्रों के मुताबिक इस विरोध प्रदर्शन में करीब 50 हजार लोग शामिल हुए, जिनमें कश्मीरी समुदाय के अलावा बलोच और पश्तून समुदाय के लोग भी थे. प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में हो रहे ह्युमन राइट्स उल्लंघनों के खिलाफ जमकर आवाज उठाई और हिरासत में लिए गए राजनीतिक कार्यकर्ताओं की तुरंत रिहाई की मांग की.

संसद भवन से पाकिस्तानी उच्चायोग तक रैली

Pakistan High Commission London
Pakistan High Commission London (source : social media)

मार्च के दौरान लंदन की सड़कों पर आजादी के समर्थन में नारे गूंजते रहे. प्रदर्शनकारियों ने जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के प्रमुख शौकत नवाज मीर सहित अन्य सामाजिक और राजनीतिक नेताओं की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की. लोगों का कहना था कि शांतिपूर्ण विरोध करने वालों को जेल में डालना अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला है.

पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर कश्मीरी प्रदर्शनकारियों के साथ आए बलोच और पश्तून कार्यकर्ताओं ने भी पाकिस्तानी सेना पर अपने-अपने इलाकों में मानवाधिकार हनन के गंभीर आरोप लगाए.

‘पाकिस्तानी सेना के आगे नहीं झुकेंगे’

Pakistan Occupied Jammu and Kashmir
Pakistan Occupied Jammu and Kashmir (source : social media)

उच्चायोग के बाहर मीडिया से बात करते हुए जम्मू-कश्मीर नेशनल इंडिपेंडेंस अलायंस के चेयरमैन महमूद कश्मीरी ने कहा कि आज दुनिया भर में कश्मीरी पाकिस्तानी सेना के अत्याचार के खिलाफ खड़े हो रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा एजेंसियों ने तत्तापानी, सिहंसा और कोटली जैसे इलाकों में आम नागरिकों पर भारी दमन चक्र चलाया है.

महमूद कश्मीरी ने दावा किया कि कई कश्मीरी युवाओं को हिरासत में लेने के बाद उनके शव तक परिजनों को नहीं सौंपे गए. उन्होंने चेतावनी दी कि कश्मीरी समुदाय इस जुल्म के आगे घुटने नहीं टेकेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगा.

POJK में बीते 5 जून से ही विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है. स्थानीय प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में कई लोगों की मौत के बाद से यह आंदोलन और तेज हो गया है.

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।