नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों व केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। राजनाथ ने कहा कि जनमानस में सम्मानित शास्त्री जी का जीवन सादगी और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ईमानदारी, उच्च आदर्शों, उदात्त निष्ठा और असाधारण कर्तव्यबोध के लिए जनमानस में सम्मानित शास्त्री जी का जीवन सादगी और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण था। स्वभाव से विनम्र शास्त्री जी के व्यक्तित्व में अद्भुत साहस और अदम्य आत्मबल था। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका मंत्र आज भी भारत की सुरक्षा, कृषि और राष्ट्रनिर्माण के प्रति हमारे संकल्प को प्रेरणा देता है।”
उन्होंने कहा, “शास्त्री जी का जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को ईमानदारी, कर्तव्यबोध और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते रहेंगे।”
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “‘जय जवान-जय किसान’ के नारे के साथ देश के जवानों और किसानों को राष्ट्र की चेतना बनाने वाले भारतीय स्वाभिमान के प्रतीक लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनकी सादगी और उनका व्यक्तित्व सदैव वंदनीय है।”
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘जय जवान, जय किसान’ के प्रणेता व सादगी और दृढ़ संकल्प की प्रतिमूर्ति श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण, विषम परिस्थितियों में उनका अडिग नेतृत्व और देशवासियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता सदैव प्रेरणा देती रहेगी।”
आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा, “‘गुदड़ी के लाल’ शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश के जवानों और किसानों में एक नई ऊर्जा का संचार किया। सादगी, ईमानदारी और त्याग के प्रतीक शास्त्री जी को देश के विकास में उनके अद्वितीय योगदान के लिए सदैव स्मरण किया जाएगा।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “आपका दृढ़ नेतृत्व, ईमानदारी और सादगीपूर्ण जीवन देश वासियों के लिए युगों-युगों तक अनुकरणीय रहेगा।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “सादगी उनका स्वभाव था, राष्ट्रसेवा उनका संकल्प। ‘जय जवान, जय किसान’ के मंत्र से उन्होंने सीमा पर डटे जवान और खेत में जुटे किसान, दोनों के परिश्रम और सामर्थ्य को देश का गौरव बनाया। उनका तपस्वी जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण पीढ़ियों को भारत की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा, “आपका सरल जीवन, उच्च आदर्श और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न, लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय है। ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों और अन्नदाताओं के योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा देता है।”
शास्त्री जी को नमन करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने लिखा, “सत्यनिष्ठा, सादगी, साहस और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण उनका जीवन भारतीय राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अनुकरणीय आदर्श है। देश की एकता और राष्ट्रहित के लिए उनके विचार व आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिखा, “शास्त्री जी ने अपने दृढ़ नेतृत्व और ‘जय जवान, जय किसान’ के अमर मंत्र से विषम परिस्थितियों में भी देश के स्वाभिमान और सुरक्षा को नई दिशा दी। उनका त्यागमयी जीवन एवं उच्च आदर्श राष्ट्र सेवा के मार्ग पर सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे।”
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि सादगी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
बिहार के पूर्व सीएम और जदयू नेता नीतीश कुमार ने पोस्ट किया, “सादगी और राष्ट्र प्रेम के उत्कृष्ट उदाहरण पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें सादर नमन। शास्त्री जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का हमें संकल्प लेना चाहिए।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



