इथियोपिया के एक दूरस्थ क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 229 लोगों की मौत हो गयी है जिनमें कई ऐसे लोग शामिल हैं जो पीड़ितों को बचाने की कोशिश में जुटे थे। प्रधानमंत्री अबी अहमद ने इसे भयानक क्षति बताया है। एक स्थानीय प्रशासक दागमावी आयेले ने बताया कि दक्षिणी इथियोपिया के केंचो शाचा गोजदी प्रांत में मिट्टी धंसने की घटना में मारे गए लोगों में बच्चे और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। मलबे से कम से कम पांच लोगों को जीवित निकाला गया है। गोफा जोन के संचार कार्यालय के प्रमुख कासाहुन अबेयनेह ने बताया कि सोमवार को सबसे पहले 55 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गयी थी लेकिन बाद में मृतकों की संख्या तेजी से बढ़ी। इलाके में खोज अभियान जारी है। गोफा जोन वह प्रशासनिक इलाका है जहां भूस्खलन हुआ है।
- भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 229 लोगों की मौत हो गयी है
- मरने वालों में कई ऐसे लोग शामिल हैं जो पीड़ितों को बचाने में जुटे थे
- प्रधानमंत्री अबी अहमद ने इसे भयानक क्षति बताया है
PM ने जताया दुख
इथियोपिया की सत्तारूढ़ पार्टी ने एक बयान में कहा कि उसे इस आपदा पर दुख है। प्रधानमंत्री अबी अहमद ने फेसबुक पर एक बयान में कहा कि वह इस भयानक क्षति से काफी दुखी हैं। अहमद के बयान में कहा गया है कि खोज एवं बचाव प्रयासों में मदद करने के लिए संघीय आपदा रोकथाम कार्य बल को तैनात किया गया है। अभी यह पता नहीं है कि कितने लोग लापता हैं।
भूस्खलन में दबे लोग
गोफा में एक अन्य अधिकारी मार्कोस मेलीसे ने बताया कि ज्यादातर लोग सोमवार सुबह हुए भूस्खलन में दब गए। उस समय बचावकर्मी एक दिन पहले हुए एक अन्य भूस्खलन के बाद पीड़ितों की तलाश कर रहे थे। अन्य लोगों को बचाने की कोशिश करते वक्त भूस्खलन की चपेट में आए लोगों में से कई लापता हैं। उन्होंने बताया, ‘‘कई बच्चे हैं जो हादसे में अपनी मां, पिता, भाई और बहन समेत पूरे परिवार को खो चुके हैं तथा लाशों से लिपट कर रो रहे हैं।’’ इथियोपिया में जुलाई में शुरू होने वाले बारिश के मौसम में भूस्खलन होना आम है। बारिश का यह मौसम सितंबर मध्य तक जारी रहने की संभावना है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



