देशभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। महामारी के चलते देशभर में जारी लॉकडाउन को सरकार ने 17 मई तक बढ़ा दिया है। लॉकडाउन के चलचे बस, ट्रेन और हवाई यात्रा पूरी तरह से बंद है। हालांकि, देश के अलग-अलग राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए सरकार ने 6 स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। इस बीच, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शनिवार को कहा कि देश भर में सभी वाणिज्यिक यात्री उड़ानें 17 मई की मध्यरात्रि तक निलंबित रहेंगी।
डीजीसीए ने एक परिपत्र में कहा, यह दोहराया जाता है कि विदेशी और घरेलू विमानन कंपनियों को भारत से दूसरे देश या दूसरे देश से भारत के लिए तथा भारत में घरेलू उड़ानों के के परिचालन को पुन: शुरू करने के बारे में उन्हें उचित समय पर सूचित किया जाएगा। कोरोना वायरस के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिये देश भर में 25 मार्च से लॉकडाउन (बंद) लागू है। बंद की अवधि में सभी वाणिज्यिक यात्री उड़ानें निलंबित हैं।
पहले बंद की अवधि 14 अप्रैल को समाप्त हो रही थी लेकिन बाद में इसे तीन मई तक बढ़ा दिया गया। इसके बाद केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बंद की अवधि को और बढ़ाते हुए 17 मई तक कर दिया। हालांकि, कार्गो उड़ानों, चिकित्सकीय जरूरतों संबंधी उड़ानों और डीजीसीए से स्वीकृत विशेष उड़ानों को संचालित करने की अनुमति है। कोरोना वायरस से देश में अभी तक 37,000 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसके कारण अब तक 1,200 से अधिक लोगों की मौत भी हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



