‘जिया हो बिहार के लाला…’, किसान के बेटे ने NDA ट्रेनिंग में किया टॉप

Summary :

बिहार के लक्की कुमार ने एनडीए ट्रेनिंग में किया टॉप

महाराष्ट्र के पुणे स्थित एनडीए में आयोजित दीक्षांत समारोह में बिहार के किसान पुत्र लक्की कुमार ने टॉप किया। उन्होंने अपने परिवार की उपस्थिति में गर्व महसूस किया और एनडीए की ट्रेनिंग के महत्व पर जोर दिया। लक्की ने बताया कि एनडीए की परीक्षा पास करना उनके लिए आसान था क्योंकि वे इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे थे।

महाराष्ट्र के पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में आयोजित दीक्षांत समारोह कार्यक्रम में टॉप करने वाले लक्की कुमार और उदयवीर सिंह नेगी ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात की और पिछले तीन साल के अपने प्रशिक्षण और भविष्य की योजना के बारे में बताया।

कैडेट लक्की कुमार ने कहा, “यह मेरे लिए गर्व की बात है। मेरे माता-पिता भी यहीं थे। उन्हें भी देखकर अच्छा लगा होगा। मैं बिहार के गया जिले के कढ़ौना गांव से संबंध रखता हूं। मेरे पिता किसान हैं और मां गृहिणी हैं। मुझे एनडीए के बारे में मेरे भैया ने बताया था। मैं इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था, इसलिए मेरे लिए एनडीए की प्रवेश परीक्षा पास करना थोड़ा आसान हो गया।”

किसान के बेटे ने एनडीए ट्रेनिंग में किया टॉप

लक्की ने बताया कि एनडीए की ट्रेनिंग में कैडेट्स को किशोर से एक परिपक्व पुरुष बनाया जाता है। तीन साल के प्रशिक्षण में उन्होंने अनुशासन और कठिन परिश्रम के महत्व को समझा और दोस्त बनाए। एक महीने की छुट्टी के बाद वह 29 जून को एयरफोर्स एकेडमी ज्वॉइन करेंगे।

उदयवीर सिंह नेगी ने कहा, “मैंने बीटेक में टॉप किया है। हमें इसका प्रमाणपत्र दिया गया है। एक साल के बाद बीटेक की डिग्री दे दी जाएगी। मेरे परिवार के लोग सेना में रहे हैं। इसलिए मेरे मन में सेना में आने को लेकर कोई भी संदेह नहीं था। मैं शुरू से एनडीए ज्वाइन करना चाहता था।” नेगी ने कहा, “76 साल पहले स्थापित एनडीए में शारीरिक और मानसिक रूप से कैडेट्स को जिस तरह प्रशिक्षण दिया जाता है, वह बेस्ट है। शुरुआत में काफी मुश्किल लगता है, लेकिन प्रशिक्षण हमें बेहतर इंसान बनाता है।”

उदयवीर ने कहा, “एनडीए की तैयारी कर रहे सभी छात्रों से कहना चाहूंगा कि कभी हार न मानें। यदि कभी तैयारी से पीछे हटने का मन हो तो उस वजह को ढूंढें कि आपने इसकी तैयारी क्यों शुरू की थी और देश सेवा के अपने संकल्प को बनाए रखें।”

Gold Rate Today: सोने-चांदी के दामों में गिरावट, जानें प्रमुख शहरों में आज का भाव

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.