लखनऊ वालों का सालों से मेट्रो में सफर करने का सपना मंगलवार को सच हो गया। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां हरी झण्डी दिखाकर मेट्रो का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर राज्यपाल राम नाईक और केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।
ये सभी लोग लखनऊ मेट्रो के पहले यात्री भी बने। जिस मेट्रो में इन्होंने सफर किया उसे पूजा, प्रियंका, निखिल और अमन चला रहे थे। अब 6 सितंबर से आम जनता के लिए ट्रांसपोर्टनगर और चारबाग के बीच लखनऊ मेट्रो का सफर शुरू हो जाएगा। 6 सितम्बर से सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लोगों को हर 7 मिनट में मेट्रो मिलेगी।
लखनऊ मेट्रो साढ़े आठ किलोमीटर की दूरी तय करेगी। लखनऊ मेट्रो की स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन शुरुआत में इसकी स्पीड 40-45 किमी ही रहेगी। लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन के अधिकारियों को उम्मीद है कि पहले दिन लगभग 50 हजार यात्री मेट्रो में सफर करेंगे। इसके लिए हर स्टेशन पर कस्टमर केयर असिस्टेंट, मार्शल, गार्ड मिलाकर लगभग 30 लोगों का स्टाफ है जो यात्रियों की मेट्रो को समझने में मदद कर रहा है। सभी स्टेशनों पर स्मार्ट कार्ड मिल रहे हैं।
200 रुपए में ये स्मार्ट कार्ड खरीदे जा सकते हैं। 4 डिब्बे की मेट्रो में 186 सीटें हैं और एक बार में लगभग 1000 लोग इसमें सफर कर सकेंगे। मेट्रो ट्रेन में एंट्री करने पर न्यूनतम 10 रुपए देने होंगे। यानी एक स्टेशन का सफर 10 रुपए होगा। दो स्टेशन का सफर करने के लिए 15 रुपए खर्च करने होंगे जबकि तीन से छह स्टेशन का किराया सिर्फ 20 रुपए होगा। सात से लेकर नौ स्टेशन के 30 रुपए चुकाने होंगे। यानी ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक के सफर के कुल 30 रुपए चुकाने होंगे। आने वाले समय में 10 स्टेशन से लेकर 13 स्टेशनों के लिए 40 रुपए, 14 स्टेशन से 17 स्टेशन के लिए 50 रुपए और 18 या उससे अधिक स्टेशन पर सफर करने के लिए 60 रुपए देने होंगे।
यानी 23 किलोमीटर दूर चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया का सफर आरामपूर्वक 50 मिनट में 60 रुपए में तय किया जा सकेगा। मेट्रो में चढ़ने से पहले कुछ चीजें जानना जरूरी हैं। सभी मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार पर मशीनें लगा दी गई हैं। 15 किलो से अधिक सामान लेकर यात्रा ना करने के निर्देश भी मेट्रो ने जारी कर दिए हैं। खास बात यह भी है कि 15 किलो के वजन का सामान हैंडबैग या ट्रॉली बैग में ही ले जाने की अनुमति है। खुले में सामान लेकर यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। इसी के साथ मेट्रो में बोरी और बोरे में सामान ले जाने पर भी रोक है। ज्यादा वजन का सामान होने पर मेट्रो स्टेशन के गेट पर चेकिंग के दौरान ही यात्री को रोक दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App







