इंदौर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जनपद इंदौर में गरबा पंडाल को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। विवाद के दौरान एक परिवार के साथ मारपीट और घर में घुसकर हमला करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह मामला इंदौर जनपद के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, स्कीम नंबर 103 निवासी ऑटो चालक सुरेश साह अपने घर के सामने माता की चौकी और गरबा आयोजन से संबंधित बैनर लगा रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने बैनर लगाने पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने सुरेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि सुरेश पर बल्ली से हमला किया गया। शोर सुनकर उनकी पत्नी सपना, सास द्वारिकाबाई और रिश्तेदार रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और सुरेश के दोनों बेटों विकास और आकाश को बाहर खींचकर उनके साथ भी मारपीट की।
आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने मीडिया को बताया कि यह गुरुवार देर रात की घटना है। उन्होंने कहा कि दो पक्षों में लड़ाई हुई थी, जिसकी शुरुआत बच्चों से हुई थी। बच्चे पोस्टर और पुतलों को लेकर लड़ना शुरू हुए थे। इसके बाद दो गुटों के बीच विवाद बढ़ा था।
डीएसपी के अनुसार, फरियादी ने बताया कि बच्चों की लड़ाई के दौरान कुछ दूसरे समुदाय के लोग वहां आए थे और उन्होंने मारपीट की थी। इस घटना को लेकर हमने तुरंत कार्रवाई की और मुकदमा दर्ज किया। डीसीपी ने बताया कि देर रात ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा। अन्य छह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



