मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में जल्द भरी जाएंगी रिक्तियां: राजेंद्र शुक्ल

Summary :

भोपाल, 24 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए प्रयास जारी है। राज्य के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वास्थ्य संसाधन को दुरुस्त करने के साथ विभागीय भर्तियां जल्दी करने के निर्देश दिए है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की और निर्देश दिए कि सभी लंबित भर्तियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन की कमी को शीघ्र दूर किया जा सके। उन्होंने…

भोपाल, 24 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए प्रयास जारी है। राज्य के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वास्थ्य संसाधन को दुरुस्त करने के साथ विभागीय भर्तियां जल्दी करने के निर्देश दिए है।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की और निर्देश दिए कि सभी लंबित भर्तियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन की कमी को शीघ्र दूर किया जा सके।

उन्होंने कर्मचारी चयन बोर्ड (ईएसबी) एवं मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। साथ ही, सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताओं को समय पर पूर्ण करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अस्पताल सहायक के रिक्त पदों की भर्ती के संबंध में प्रस्ताव को शीघ्र कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल सहायक के पद स्वास्थ्य संस्थानों के सुचारू संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसकी पदपूर्ति प्रक्रिया में विलंब न किया जाए।

मेडिकल कॉलेजों एवं स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग टीचरों की नियुक्ति प्रक्रिया की भी समीक्षा की और प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित एवं योग्य नर्सिंग स्टॉफ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक एवं अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध एवं चरणबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस. और अपर संचालक मनोज कुमार सरियाम उपस्थित रहे। दरअसल, राज्य के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ के पद बड़ी संख्या में रिक्त हैं, और भर्ती प्रक्रिया तेज गति से पूरी नहीं हो पा रही है। इसी के चलते सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार के लिए भर्ती प्रक्रिया को तेज करने का प्रयास कर रही है।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.