महाराष्ट्र साइबर सेल का निर्देश, कोल्डप्ले कॉन्सर्ट टिकट पर नाम प्रिंट करना अनिवार्य

Summary :

टिकट ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए नए नियम लागू

महाराष्ट्र साइबर सेल ने कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के दौरान टिकट की कथित कालाबाजारी के मामले में कड़ा कदम उठाया है। इस संबंध में साइबर सेल ने बुक माय शो और जोमैटो जैसी प्रमुख टिकटिंग कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में कोल्डप्ले जैसे बड़े इवेंट के टिकट पर खरीदार का नाम अनिवार्य रूप से प्रिंट किया जाए। महाराष्ट्र साइबर सेल के प्रमुख यशस्वी यादव ने बताया कि बड़े इवेंट्स के दौरान यह देखा गया कि कुछ लोग बड़ी संख्या में टिकट खरीद लेते हैं और फिर उन्हें सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर कई गुना ज्यादा कीमत पर बेच देते हैं।

इस तरह की ब्लैक मार्केटिंग को रोकने के लिए साइबर सेल ने जांच के बाद बुक माय शो और जोमैटो के अधिकारियों को बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। नए नियम के तहत, जिन इवेंट्स में टिकट की मांग सप्लाई से कई गुना अधिक होगी, वहां टिकट खरीदार के नाम से ही जारी किया जाएगा। इतना ही नहीं, इवेंट स्थल पर प्रवेश के समय दर्शकों को अपना सरकारी पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस) दिखाना अनिवार्य होगा। यदि टिकट पर लिखा नाम और आईडी कार्ड का नाम मेल नहीं खाता, तो प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

साइबर सेल प्रमुख यादव ने यह भी बताया कि इस पूरे मामले को ध्यान में रखते हुए एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा। यह श्वेत पत्र सभी प्रमुख टिकटिंग प्लेटफार्म ऑपरेटर्स के इनपुट लेकर तैयार किया जा रहा है और इसे कानूनी रूप दिया जाएगा। इसमें टिकट बिक्री से जुड़े नियमों के अलावा तकनीकी बदलावों का भी उल्लेख होगा, जिससे टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग को रोका जा सके।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.