राजद अध्यक्ष लालू यादव का दावा, बिहार में भाजपा की सरकार नहीं बनने देंगे

Summary :

NDA नेताओं का बयान दिल्ली तो झांकी है, बिहार अभी बाकी है

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद भाजपा और एनडीए के नेता उत्साहित हैं। इसे लेकर एनडीए के नेताओं का कहना है कि दिल्ली तो झांकी है, बिहार अभी बाकी है। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को यहां कहा कि हम लोग के रहते बिहार में भाजपा सरकार नहीं बना सकेगी। दरअसल, राजद अध्यक्ष पटना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस क्रम में जब उनसे एनडीए के नेताओं के ‘दिल्ली के बाद बिहार की बारी है और 225 पार होगा परिणाम’ से संबंधित बयान को लेकर सवाल किया गया, तब लालू यादव ने कहा कि दिल्ली चुनाव परिणाम का यहां कोई असर नहीं पड़ेगा। भाजपा बिहार में सत्ता से जाएगी।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “भाजपा कैसे बना लेगी सरकार? हम लोग के रहते भाजपा सरकार बना लेगी? भाजपा को लोग जान गए हैं। अब वह कभी सत्ता में नहीं आएगी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा में प्रचंड जीत के बाद भाजपा और एनडीए के नेताओं की नजर इस साल होने वाले बिहार विधानसभा पर है। भाजपा और एनडीए के नेताओं ने बिहार विधानसभा चुनाव में 225 सीटों पर विजय पाने के लक्ष्य को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

भाजपा की विधायक और ओलंपिक खिलाड़ी श्रेयसी सिंह ने बुधवार को कहा था कि जिस तरह दिल्ली में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है, उसी तरह बिहार में तेजस्वी यादव का भी खाता नहीं खुलने वाला है। विपक्ष के महागठबंधन की सरकार बनने के दावे से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा था कि यह तो वक्त ही बताएगा कि किसकी सरकार बनती है। बिहार में निश्चित रूप से अगली सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की बनेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.