Mahayuti सरकार छेड़छाड़ मामलों में सख्त कार्रवाई करेगी: BJP नेता नवनीत राणा

Summary :

महायुति सरकार कार्रवाई करने में सक्षम: BJP नेता नवनीत राणा

केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी से छेड़छाड़ का मामला महाराष्ट्र की राजनीति में गरमाया हुआ है। इस पर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों तरफ से बयानबाजी जारी है। एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने घटना की निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं, भाजपा नेता नवनीत राणा ने कहा कि राज्य की ‘महायुति सरकार’ कार्रवाई करने में सक्षम है।

नवनीत राणा ने मामले की निंदा करते हुए कहा, “बेटी किसी की भी हो, अगर ऐसे मामले होते हैं, तो उन पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। हमारी महायुति सरकार कार्रवाई करने में सक्षम है। दुख की बात है कि आरोपी एक पार्टी का कार्यकर्ता है। राजनीति को किसी भी स्तर पर लेकर जाएं, लेकिन ऐसी राजनीति नहीं करनी चाहिए, यह मेरी हाथ जोड़कर विनती है।

उन्होंने कहा कि अगर कोई नेता ऐसा करता है तो उसे चौराहे पर फांसी दे देनी चाहिए। अगर राजनीति से जुड़ा व्यक्ति ऐसा करता है, तो यह सबसे अधिक निंदनीय है। इस पर हमारे गृह मंत्री कड़ी कार्रवाई करेंगे। बेटी किसी की भी हो, वह राज्य में सुरक्षित है और रहेगी।

इससे पहले सुप्रिया सुले ने कहा था, “केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ जो हुआ, बहुत ही गलत है। मैं उसकी निंदा करती हूं। ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए। यह बहुत दुख की बात है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.