महिलाओं को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते कुछ दल: भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में संविधान के 131वें संशोधन बिल के खारिज होने के बाद सियासत काफी गरमा गई है। भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि वह पिछले तीन दिनों से बहुत परेशान हैं, क्योंकि देश की महिलाओं के साथ अन्याय हुआ है। उनके मुताबिक, महिलाओं को जिस आरक्षण का इंतजार था, वह सपना टूट गया है और इसके लिए विपक्षी दल जिम्मेदार हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल महिलाओं को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते। उन्होंने कहा कि इन दलों ने महिलाओं का अपमान किया है और उन्हें उनके हक से दूर रखने की कोशिश की है। देश की महिलाएं इन नेताओं को कभी माफ नहीं करेंगी और आने वाले समय में उन्हें इसका जवाब जरूर मिलेगा।

धर्मशीला ने नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही आम परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका दिया है। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि एक सामान्य परिवार से आने के बावजूद उन्हें राज्यसभा तक पहुंचने का अवसर मिला। अगर यह महिला आरक्षण बिल पास हो जाता, तो देशभर की महिलाएं लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभाओं में पहुंचकर नेतृत्व करतीं और देश को नई दिशा देतीं।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि उनके इशारे पर ही यह सब हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ परिवारों तक ही महिलाओं की राजनीति सीमित रखी गई, जबकि आम महिलाओं को आगे आने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने खुद को बिहार की बेटी बताते हुए कहा कि उन्होंने संघर्ष देखा है और वह चाहती थीं कि और महिलाएं भी राजनीति में आगे बढ़ें।

इस पूरे मामले पर दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने भी विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर पूरे देश में एक उम्मीद जगी थी, लेकिन विपक्ष ने संसद में जिस तरह का व्यवहार किया, वह बेहद निंदनीय है। उनके मुताबिक, यह बिल देश के लिए एक ऐतिहासिक कदम हो सकता था, लेकिन इसे पास नहीं होने दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि हालांकि इस बार बिल पास नहीं हो पाया, लेकिन भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रयास जारी रखेंगे।

–आईएएनएस

पीआईएम/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।