मल्लिकार्जुन खड़गे को मांगनी चाहिए देश और पीएम मोदी से माफी: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

Summary :

लखनऊ, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद माफी की मांग की है। उन्होंने कहा कि खड़गे ने प्रधानमंत्री के पद का आदर नहीं किया है। इसके लिए उन्हें देश और प्रधानमंत्री से माफी मांगनी चाहिए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा, “सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के बड़े नेताओं ने कई बार प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। पीएम मोदी को ‘आतंकी’ कहना यह देश के प्रधानमंत्री को नहीं है,…

लखनऊ, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद माफी की मांग की है। उन्होंने कहा कि खड़गे ने प्रधानमंत्री के पद का आदर नहीं किया है। इसके लिए उन्हें देश और प्रधानमंत्री से माफी मांगनी चाहिए।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा, “सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के बड़े नेताओं ने कई बार प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। पीएम मोदी को ‘आतंकी’ कहना यह देश के प्रधानमंत्री को नहीं है, ये देश के 140 करोड़ की जनता को अपशब्द कहा गया है और उनका अपमान किया गया है।”

मौर्य ने आगे कहा, “कांग्रेस घटिया राजनीति पर उतर आई है। नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री पद पर बने रहना कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। कांग्रेस ने पीएम मोदी पद से हटाने की तमाम नाकाम कोशिशें कीं। लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता की ताकत होती है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा को लगातार जनता का आशीर्वाद और समर्थन मिला है। 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा ने 4 राज्यों (हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और दिल्ली) में जीत हासिल की।”

उपमुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल का चुनाव जीतने जा रही है। 2027 में तीसरी बार उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस का वर्तमान और भविष्य दोनों अंधिकार में हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने चुनौती देते हुए कहा, “आपके (कांग्रेस) पास ताकत और कार्यकर्ता हैं तो आपको जनता की अदालत में भाजपा का मुकाबला करना चाहिए।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। पहले कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती थी। अब प्रधानमंत्री जैसे उच्च पद पर भी इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का उपयोग किया गया है, जो बहुत दुख की बात है। कांग्रेस को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।”

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.