मल्लिकार्जुन खड़गे इन्वेस्ट कर्नाटक शिखर सम्मेलन में नहीं होंगे शामिल

Summary :

खड़गे ने बजट सत्र के चलते इन्वेस्ट कर्नाटक से बनाई दूरी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार से बेंगलुरु में शुरू हो रहे इन्वेस्ट कर्नाटक शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे। खड़गे ने मंगलवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पत्र लिखकर सूचित किया कि संसद के बजट सत्र के कारण वे इन्वेस्ट कर्नाटक शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे।

खड़गे ने अपने पत्र में कहा, “जैसा कि आप अच्छी तरह से जानते हैं कि संसद का बजट सत्र अभी चल रहा है। सत्र में अपनी व्यस्तता के कारण मैं बेंगलुरु में इन्वेस्ट कर्नाटक 2025 के वैश्विक निवेशक सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो पाऊंगा। मुझे यकीन है कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन के अच्छे नतीजे सामने आएंगे। मैं इस सम्मेलन की सफलता के लिए आपको शुभकामनाएं देता हूं।”

‘इन्वेस्ट कर्नाटक 2025’ वैश्विक निवेशक सम्मेलन 12 से 14 फरवरी तक बेंगलुरु में आयोजित किया जा रहा है, जिसका विषय “विकास की पुनर्कल्पना” है।

इस आयोजन में कई शीर्ष उद्योगपतियों के साथ-साथ कुछ वैश्विक निवेशक भी हिस्सा लेंगे।यह कार्यक्रम कर्नाटक सरकार द्वारा राज्य में वैश्विक निवेश को आकर्षित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नवाचार, औद्योगिक विकास और वैश्विक साझेदारी को बढ़ावा देना शामिल है।

कर्नाटक के मध्यम उद्योग मंत्री एमबी पाटिल के अनुसार, उम्मीद है कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 फरवरी को राज्यपाल थावरचंद गहलोत की उपस्थिति में शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करेंगे। राज्य की नई औद्योगिक नीति 2025-30 का भी इस कार्यक्रम में अनावरण किया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.