मनमोहन आजकल राहुल की तरह लिखा भाषण पढ़ रहे हैं : रविशंकर

Summary :

NULL

भोपाल : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा नोटबंदी को संगठित लूट और वैधानिक डाका बताये जाने पर केन्द्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने आज कहा कि मनमोहन सिंह आजकल कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की तरह लिखा हुआ भाषण पढ़ रहे हैं। मनमोहन के बयान के चंद घंटों बाद केन्द्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने यहां संवाददाताओं से कहा, अभी यहां आने से पहले मनमोहन सिंह जी मुझे टीवी पर दिखाई पड़ गये। उन्होंने कहा कि नोटबंदी एक डाका है। यह मनमोहन सिंह जी की भाषा नहीं है।  उन्होंने कहा, दस साल वह (मनमोहन सिंह) भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं। बहुत ही कम बोलते थे। लेकिन यह उनकी भाषा नहीं है। लग रहा है कि जिस तरह से राहुल गांधी का भाषण कोई और लिखता है, उसी तरह से आजकल मनमोहन सिंह जी का भाषण कोई और लिख रहा है।

गौरतलब है कि गुजरात में चुनावी माहौल के बीच सिंह ने आज अहमदाबाद में कहा, नोटबंदी एक संगठित लूट और वैधानिक डाका था। प्रसाद ने कहा, स्वाभाविक है जिस समय मनमोहन सिंह जी या राहुल गांधी टिप्पणी कर रहे हैं, वह अपने दस साल के संप्रग शासन की याद कर रहे हैं, जहां पृथ्वी के किसी भी कण को भ्रष्टाचार से मुक्त नहीं किया गया।  उन्होंने कहा, पृथ्वी में मिट्टी, प्रकाश, वायु, जल एवं शौर्य किरण पंचतत्व होती हैं। जमीन पर हुआ आदर्श घोटाला, पाताल में हो गया कोयला घोटाला, वायु में हो गया 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, आसमान में हो गया हेलीकॉप्टर घोटाला, समुद, में हुआ सबमरीन घोटाला और केरल में हो गया सोलर घोटाला। कोई कण छोड़ नहीं है।

प्रसाद ने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व में संप्रग के 10 साल के राज में लगभग 12 लाख करोड़ रूपये के घोटाले हुए थे। ये ट्रायल में है। इसकी चर्चा करने की जरूरत भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें इस बात का आश्चर्य है कि जहां नोटबंदी के एक साल बाद भारत के ईमानदार पथ पर आम हिंदुस्तानी के कदम का सम्मान करने वाले थे, वहीं कांग्रेस पार्टी ने निर्णय किया कि वह इसके एक साल पूरा होने पर काला दिवस मनाएंगे। हमें एक बात समझ में नहीं आती कि कांग्रेस पार्टी को ईमानदारी से चिढ़ क्यों है।  प्रसाद ने कहा कि नोटबंदी से आज दिल्ली में लॉबी एवं बिचौलियों के बाजार बंद हो गये हैं। पिछले साल 8 नवंबर को नोटबंदी की घोषणा की गई थी।

Desk Team