सेना ने आज अपने शहीद जवान ब्रहम पाल सिंह को पुष्प श्रद्धांजलि दी। ब्रहम पाल सिंह कल दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उस मुठभेड़ में दो विदेशियों सहित तीन आतंकवादी ढेर हो गए थे।
प्रवक्ता ने यहां बताया कि सेना ने अपने जवान को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने पुलवामा में आतंकवादियों के खिलाफ एक अभियान में अपना सर्वोच्च बलिदान किया।
उन्होंने कहा कि बादामीबाग कैंटोंमेंट में एक कार्यक्रम में चिनार कोर के कोर कमांडर ले। जनरल जे एस संधू और अन्य अधिकारियों ने देश की ओर से शहीद को श्रद्धांजलि दी।
सेना के प्रवक्ता ने बताया कि एकजुटता प्रदर्शित करते हुए राज्य सरकार तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भी शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी।
शहीद जवान के परिवार में उनकी पत्नी, दो पुत्रियां और तीन साल का एक पुत्र है। प्रवक्ता ने कहा कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक स्थान के लिए भेज दिया गया है जहां उनका पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



