असम का CM बनने पर सरमा के पास लगा बधाई संदेशों का तांता, PM मोदी सहित कई भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर भाजपा नेता हिमंत बिस्व सरमा को बधाई दी। साथ ही अमित शाह, राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई भाजपा नेताओं ने भी सरमा को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर अपनी शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर भाजपा नेता हिमंत बिस्व सरमा को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पूर्वोतर के इस प्रवेश द्वार के विकास को गति मिलेगी और लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति होगी।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘हिमंत बिस्व सरमा और मंत्री पद की शपथ लेने वालों को बहुत बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि यह टीम असम की विकास यात्रा को और गति देगी तथा लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति करेगी।’’

असम के राज्यपाल जगदीश मुखी ने गुवाहाटी में सरमा को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर असम की प्रगति और भाजपा की मजबूती में योगदान देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल की भी सराहना की।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे सहयोगी सोनोवाल ने पिछले पांच सालों में राज्य में जनहितकारी और विकासपरक शासन दिया। असम की प्रगति और पार्टी की मजबूती में उनका बहुत योगदान है।’’

सरमा को रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल जगदीश मुखी से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया था। सरमा नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (नेडा) के संयोजक भी हैं।
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई भाजपा नेताओं ने हिमंत बिस्व सरमा को असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य विकास की नयी ऊंचाइयों को छुएगा।
शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘हिमंत बिस्व सरमा को असम का मुख्यमंत्री बनने और मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों को बधाई। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में असम शांति, विकास और समृद्धि का नया मानदंड तय करेगा।’’

राजनाथ सिंह ने सरमा को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हिमंत बिस्व सरमा को बधाई। उनके सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं। मैं उम्मीद करता हूं कि उनके नेतृत्व में सरकार असम के विकास के लिए निरंतर काम करेगी और लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति करेगी।’’

भाजपा अध्यक्ष ने सरमा को बधाई देते हुए कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में असम की राजग सरकार राज्य की अपेक्षाओं को पूरा करेगी।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ ने कहा, ‘‘हिमंत बिस्व सरमा को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की हार्दिक बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके ऊर्जावान नेतृत्व में असम राज्य विकास की नित नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा।’’

Desk Team