जसवंत सिंह का निधन अपूरणीय क्षति, राष्ट्रपति कोविंद सहित कई मंत्रियों ने जताया शोक

Summary :

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, अनुभवी भाजपा नेता और पूर्व मंत्री जसवंत सिंह के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने रक्षा मंत्री सहित कई भूमिकाओं में देश सेवा की।”

पिछले कई वर्ष से कोमा में चल रहे वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताया है। जसवंत सिंह का 82 वर्ष की अवस्था में रविवार को निधन हो गया। जसवंत सिंह 1999 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में विभिन्न पदों पर रहे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कोविंद ने रविवार को ट्वीट करके कहा, ” वयोवृद्ध सैनिक, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण नेता एवं बुद्धिजीवी श्री जसवंत सिंह का निधन दुखद है। उन्होंने कई कठिन भूमिकाओं का निर्वहन सहजता और समानता के साथ किया।” उन्होंने कहा, ” उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

गृहमंत्री अमित शाह ने उनके निधन पर शोक जताया। गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, देश के वरिष्ठ राजनेता एवं अटल जी की कैबिनेट में मंत्री रहे जसवंत सिंह का निधन दु:खद है और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सरकार व संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से एक गहरी छाप छोड़ी है। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। शांति।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, अनुभवी भाजपा नेता और पूर्व मंत्री जसवंत सिंह के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने रक्षा मंत्री सहित कई भूमिकाओं में देश सेवा की। उन्होंने खुद को एक प्रभावी मंत्री और सांसद के रूप में प्रतिष्ठित किया। राजनाथ सिंह ने आगे कहा, जसवंत सिंह को उनकी बौद्धिक क्षमताओं और देश की सेवा के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने राजस्थान में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुख की घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करता हूं।

वहीं उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जसवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें कुशल सांसद और प्रशासक बताया है। नायडू ने रविवार को एक ट्वीट करके कहा कि “श्री सिंह वास्तविक जननायक थे। उन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र और समाज की सेवा की। सार्वजनिक जीवन में अपने मर्यादित व्यवहार के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। शोक संतप्त परिजनों तथा मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया

Desk Team