Nagaland Mon Landslide : नागालैंड के मोन शहर से एक बेहद दर्दनाक खबर आ रही है। यहां की डिफेंस कॉलोनी में रविवार सुबह मूसलाधार बारिश के बाद भीषण लैंडस्लाइड हो गया। इस अचानक आई प्राकृतिक आपदा ने पूरे इलाके में भारी तबाही मचाई है। देखते ही देखते करीब 10 से 13 पक्के मकान ताश के पत्तों की तरह मलबे में तब्दील हो गए और कुछ घर पानी के तेज बहाव में बह गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। मोन के डिप्टी कमिश्नर वेन्येई कोन्याक के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने अब तक मलबे से तीन शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, चार अन्य लोगों के अभी भी लापता होने की आशंका है, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF), स्थानीय पुलिस, असम राइफल्स और लोकल वॉलेंटियर्स तुरंत एक्शन में आ गए। सभी टीमें संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश और दरकती हुई पहाड़ी मिट्टी के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतें आ रही हैं। कीचड़ और मलबे की वजह से भारी मशीनों को मौके तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है, लेकिन इसके बावजूद बचाव दल युद्धस्तर पर काम कर रहा है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तुरंत हरसंभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिया है। इसके साथ ही, मौसम के खराब मिजाज को देखते हुए आस-पास के संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट होने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के चलते अभी भी लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोग पूरी तरह सतर्क रहें।
यह भी पढ़ें – सर्वदलीय बैठक में उलटफेर? ‘इंडिया’ अलायंस से दूर हुई DMK, महिला आरक्षण और परिसीमन पर NDA को समर्थन के संकेत



Download Android App
Download iOS App




