श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले का मुख्य षड्यंत्रकारी जैश-ए-मोहम्मद का आतंकवादी मुदस्सिर अहमद दक्षिणी कश्मीर के त्राल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मारा गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि त्राल के पिंग्लिश क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादी मारे गये और उनमें एक पुलवामा हमले का मुख्य षड्यंत्रकारी जैश-ए-मोहम्मद का आतंकवादी मुदस्सिर अहमद खान है।
पंद्रहवीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल कंवलजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि खान पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले का मुख्य षड्यंत्रकारी था। पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गये थे। सीआरपीएफ के महानिरीक्षक (अभियान) जुल्फिकार हसन ने सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और इस अर्धसैनिक बल द्वारा आनन-फानन में बुलाये गये संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मुदस्सिर अहमद खान उर्फ ‘मोहम्मद भाई’ पुलवामा जिले में त्राल के पिंग्लिश क्षेत्र में मुठभेड़ में मारे गये दो आतंकवादियों में एक था।’’ हालांकि, उन्होंने इसे 14 फरवरी के आतंकवादी हमले का प्रतिशोध लेना नहीं बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम शांति कायम करने वाले हैं और हम यह सुनिश्चित करते हैं कि कोई देश के खिलाफ बंदूक न उठाये।’’ पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) स्वयं प्रकाश पाणि ने कहा कि दूसरे आतंकवादी की असल पहचान फिलहाल तय नहीं हो पायी है। उन्होंने कहा, ‘‘‘हमें पता है कि उसका कोड खालिद था। हम उसकी असल पहचान का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि खान का मारा जाना जैश-ए-मोहम्मद के लिए एक बड़ा झटका है।


Download Android App
Download iOS App



