बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए सोमवार को एक बैठक बुलाई है जिसमें सभी विधायकों, सांसदों और पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, समीक्षा बैठक में हाल के लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा होगी और इसी वर्ष होने वाले कई राज्य विधानसभाओं के चुनाव की रणनीति पर विचार-विमर्श होगा। बैठक में पार्टी के सभी प्रदेश प्रभारियों को बुलाया गया है। इस बैठक में नवनिर्वाचित सांसदों के अलावा लोकसभा चुनाव में जिम्मेदारी निभाने वाले प्रमुख नेता भी शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में दिल्ली समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर मंथन किया जायेगा। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश में बसपा के कई विधायक हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में बसपा के विधायक कांग्रेस सरकारों का समर्थन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मायावती लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने पार्टी के लचर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पार्टी संगठन में बदलाव किया है।


Download Android App
Download iOS App



