Waqf Bill से अल्पसंख्यक समाज को मिलेगा फायदा: JDU नेता रत्नेश सादा

Summary :

वक्फ संशोधन विधेयक पारित, अल्पसंख्यकों के हित में: जदयू नेता

वक्फ संशोधन विधेयक लोकसभा से पारित हो गया है और गुरुवार को राज्यसभा में इस पर चर्चा चल रही है। जदयू ने विधेयक के समर्थन में अपना वोट दिया। बिहार सरकार के मंत्री और जदयू नेता रत्नेश सादा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए वक्फ संशोधन विधेयक को जरूरी बताया। रत्नेश सादा ने कहा, “लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित हुआ। यह बहुत ही आवश्यक था। इसके लिए हम केंद्र की मोदी सरकार और अपनी पार्टी को धन्यवाद देते हैं। जिन पार्टियों ने वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन किया, उन्हें धन्यवाद देते हैं। देश और अल्पसंख्यक समाज के हित के लिए यह कानून बहुत फायदेमंद है। केंद्र सरकार के इस सराहनीय कदम से अल्पसंख्यक समाज को बहुत लाभ मिलेगा।”

Waqf Amendment Bill को संसद की मंजूरी, Rajya Sabha में 11 घंटे की चर्चा के बाद पारित

सत्ता में आने के बाद कानून को पलटने की बात करने वाले विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए जदयू नेता ने कहा कि पहले वे सत्ता में आएं, फिर बात होगी। वहीं, कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी के विधेयक के पारित होने को लोकतंत्र की हत्या और काला दिन कहने पर दिल्ली में भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “जो लोकतंत्र को मानते नहीं हैं, वे लोकतंत्र के लिए कभी सकारात्मक नहीं हो सकते। सोनिया गांधी की पार्टी में लोकतंत्र नहीं है, ऐसे में वह देश के लोकतंत्र के लिए चिंतित क्यों होंगी? वक्फ विधेयक का पास होना देश के प्रत्येक नागरिक के लिए बहुत खुशी की खबर है।”

उन्होंने कहा, “वक्फ विधेयक के पारित होने से दुख सिर्फ उन लोगों को हो रहा है, जो वक्फ की संपत्ति से लाभ ले रहे थे और उन पर कब्जा किए हुए थे। कांग्रेस में कई ऐसे लोग हैं, जो वक्फ की संपत्ति का फायदा उठा रहे थे और हो सकता है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक इसका लाभ पहुंच रहा हो।”

उल्लेखनीय है कि बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक को लोकसभा में पेश किया गया था। करीब 12 घंटे तक चली चर्चा के बाद सांसदों से वोटिंग कराकर देर रात दो बजे विधेयक को पारित करा लिया गया है। विधेयक के पक्ष में 288, जबकि विपक्ष में 232 सांसदों ने वोट दिया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.