मिशन-2019 : नब्ज टटोलने UP में डेरा डालेंगे राहुल और अमित शाह

Summary :

राहुल गांधी अपने दौरे में किसानों के साथ चैपाल करने के साथ-साथ सांसद निधि से बनायी गयी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संत कबीर नगर स्थित मगहर में रैली करने के बाद सरगर्म हुए प्रदेश के सियासी माहौल के बीच भाजपा और कांग्रेस के अध्यक्ष अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी-अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने के लिये उत्तर प्रदेश में डेरा डालेंगे।

राहुल गांधी vs अमित शाह 

rahul_shah

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आगामी 4 जुलाई को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। चार जुलाई को ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह वाराणसी में ‘सोशल मीडिया सम्मेलन’ में शिरकत करके अपनी इस फौज की धार परखेंगे। अपने दौरे के दौरान वह मिर्जापुर और आगरा भी जाएंगे।

राहुल अपने दौरे में किसानों के साथ चैपाल करने के साथ-साथ सांसद निधि से बनायी गयी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। अपने दौरे में वह कुछ गांवों का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष उस मुस्लिम किसान के घर भी जाएंगे, जिसकी हाल ही में एक सरकारी खरीद केन्द्र में अपना अनाज बेचने का इंतजार करते हुए मौत हो गयी थी।

rahul

इसके पूर्व, राहुल गांधी को गत 14 जून को अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर आना था, मगर वह अपरिहार्य कारणों से निरस्त हो गया था। भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश प्रमुख संजय राय ने बताया कि सोशल मीडिया सम्मेलन में उन लोगों को आमंत्रित किया गया है जो सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर सक्रिय हैं और भाजपा तथा उसकी विचारधारा के पुरजोर समर्थक है।

इस बैठक में शिरकत करने के लिए कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण कराकर शामिल हो सकता है। यह प्रक्रिया तीन जुलाई तक चलेगी। जो लोग दो जुलाई तक अपना पंजीकरण करा लेंगे वे इस सम्मेलन में भाग सकेंगे।

Desk Team