नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका की सेनाएं आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त रणनीति और युद्ध कौशल को मजबूत करने में जुटी हैं। दोनों देशों के बीच श्रीलंका के मदुरु ओया में संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ चल रहा है। संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान अभियान की योजना बनाने, सामरिक अभ्यास और विशेष युद्ध कौशल पर ध्यान दिया जा रहा है।
इसके अंतर्गत गश्त लगाने व घात लगाकर हमला करने की योजना व कार्रवाई की जा रही है। सैन्य काफिले की सुरक्षा करने का अभ्यास भी इसमें शामिल है। इसके अलावा दोनों सेनाओं द्वारा शहरी क्षेत्रों में सड़क अवरोध स्थापित कर संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण करने जैसे महत्वपूर्ण अभ्यास किए जा रहे हैं। यहां स्थित आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में जारी यह इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का 12वां संस्करण है। इसमें भारतीय सेना और श्रीलंकाई सेना के जवान एक साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। यह युद्धाभ्यास इसी महीने 13 नवंबर को शुरू हुआ था और 26 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।
भारतीय सेना ने सोमवार को इस अभियान की अधिक जानकारी साझा की। सेना ने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए दोनों सेनाओं की संयुक्त क्षमता को बढ़ाना है। इसके तहत दोनों सेनाओं के जवान एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाकर अभियान चला रहे हैं। यहां चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई करने का अभ्यास किया जा रहा है। इस सैन्य अभ्यास के जरिए दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने के साथ संयुक्त अभियान चलाने की क्षमता विकसित कर रही हैं।
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, ‘मित्र शक्ति’ सैन्य अभ्यास भारत और श्रीलंका के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दोनों देशों की सेनाएं इस संयुक्त सैन्य अभ्यास के जरिए आपसी सैन्य सहयोग, तालमेल और साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रही हैं। दोनों सेनाओं के साझा संकल्प और मिशन के साथ आयोजित हो रहा ‘मित्र शक्ति-2026’ भारत और श्रीलंका के रक्षा सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा भी है।
इस अभ्यास में दोनों देशों के सैनिक एक साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं और एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली को समझ रहे हैं। मित्र शक्ति अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल और संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता को मजबूत करना है। ऐसे अभ्यासों से सैनिकों को एक-दूसरे के अनुभवों और कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलता है। साथ ही, संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलती है।
–आईएएनएस
जीसीबी/एसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



