केन्द्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने शनिवार को दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलेगा और एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व में केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ही सरकार बनेगी। यहां गौ,वस्पतियां, वानिकी,खेती के आधार पर स्वरोजगार और आर्थिक विकास तथा गौ संरक्षण और गौ उत्पादों का प्रयोग पर आयोजित एक कार्यशाला मे शिरकत करने आयी झांसी -ललितपुर संसदीय क्षेत्र से पार्टी सांसद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द, मोदी के नेतृत्व में भाजपा पहले से भी ज्यादा सीटें हासिल कर सरकार बनायेगी।
बुंदेलखंड मे अन्ना पशुओं की एक बड़ समस्या पर सुश्री भारती ने कहा कि इस कार्यक्रम में उन्हें पता चला है कि झांसी जिले में 65 हजार अन्ना पशु हैं जिसमें से 15 हजार के प्रवास का इंतजाम इस साल हो जायेगा। इस तरह जिले में धीरे धीरे ऐसी स्थिति बन जायेगी कि कोई आवारा पशु सड़कों पर दिखायी नहीं देगा।
क्षेत्रीय सांसद का अपने ही जिले की सबसे बड़ समस्याओं में एक ‘‘ अन्ना पशु’’ को लेकर इस तरह का बयान बताता है कि पूरे कार्यकाल के दौरान वह अपने संसदीय क्षेत्र में कितनी बार आयीं और यहां की समस्याओं को लेकर कितनी गंभीर रहीं। सुश्री भारती पर अक्सर अपने संसदीय क्षेत्र से दूरी बनाये रखने और यहां की समस्याओं की अनदेखी करने के आरोप लगते रहते हैं और अब लोकसभा चुनाव से पहले उनका इस तरह का बयान कहीं न कहीं इन आरोपों को सही साबित करता नजर आता है।
एक सवाल के जवाब में भाजपा की फायर ब्रांड नेता बिफर गयीं और उन्होंने पत्रकारों को बार बार एक ही सवाल नहीं पूछने की सलाह दे डाली। साथ ही कहा कि बार बार एक ही सवाल पूछना गलत है,पुराने बयान की सीडी निकाल कर देख लो। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जबरदस्त रैलियों पर पूछे गये सवाल के जवाब में सुश्री भारती ने कहा कि रैलियों से क्या होता है। पार्टी के समर्थक रैलियों में जुटते हैं मतदाता नहीं। मतदाता अपने विवेक से काम करता है और मतदान करता है।


Download Android App
Download iOS App



