मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति: मंत्री नित्यानंद राय

Summary :

सेना को खुली छूट, आतंकवाद की अंतिम सांस: मंत्री राय

हाजीपुर के एक मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। सेना को खुली छूट दे दी गई है। उन्होंने दावा किया कि इस देश में एक भी आतंकवादी नहीं बचेगा। नित्यानंद राय ने कहा कि वर्षों से आतंकवाद को यहां पाल-पोस कर रखा गया था, जब से नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, तब से आतंकवाद पर नकेल कसा गया है। आतंकवाद अब अंतिम सांस गिन रहा है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पहले सेना के हाथों को भी बांधकर रखा गया था और दुश्मन हम पर प्रहार करते थे, जिसे सहना पड़ता था। लेकिन, आज सेना को पूरी छूट है। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमा पर हमारे जवान बुलंदी के साथ दुश्मनों को जवाब दे रहे हैं। सेना के हाथ बांधने वाला कोई भी देश अपनी सुरक्षा नहीं कर सकता है। सेना पर कटाक्ष करने वाले और उनका मनोबल गिराने वाले मूर्ख हैं। आतंकवाद को समाप्त करने के लिए सरकार तैयार है।

जातीय जनगणना पर विपक्ष द्वारा श्रेय लिए जाने पर उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है। कई वर्षों तक कांग्रेस सत्ता में रही, जिसमें राजद के नेता लालू यादव बड़े ओहदे पर रहे, लेकिन जातीय जनगणना नहीं कराई गई। भ्रम फैलाने के लिए एक सर्वे कराया गया, लेकिन उसकी भी रिपोर्ट प्रकाशित नहीं कराई गई।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने जातीय जनगणना कराने का निर्णय लिया है, इससे सामाजिक ताना बाना सुदृढ़ होगा। वैसे लोगों को, जिनके पास अब तक न्याय नहीं पहुंचा, वहां न्याय पहुंचेगा। केंद्र की सरकार ने जातीय जनगणना का जो निर्णय लिया है, उसके प्रति पवित्र मंशा और उद्देश्य है। जो सवाल उठा रहे हैं, उनसे बहस की भी उन्होंने चुनौती दी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.