नयी दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि मोदी सरकार के चार साल के कार्यकाल में कल्याणकारी योजनाओं से 22 करोड़ गरीब परिवारों को फायदा मिला है और इसने एक उदाहरण पेश किया है कि कैसे एक जनहितैषी सरकार चलाई जाती है। भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए शाह ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने देश के आत्म – गौरव को सबसे ऊंचे स्तर तक बढ़ाया है। इस मौके पर पार्टी ने ‘‘ साफ नीयत , सही विकास ’’ का नया नारा पेश किया। इस नारे के साथ पार्टी मोदी सरकार के कामों को प्रचारित करने के लिए देशव्यापी अभियान चलाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के आम चुनावों में लोकसभा में भाजपा को पहली बार पूर्ण बहुमत दिलाया था। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ऐसे समय में सत्ता में आई जब लोगों ने सोचना शुरू कर दिया था कि क्या बहुदलीय लोकतंत्र असफल हो गया है , लेकिन मोदी सरकार ने लोगों में उम्मीद की एक नई भावना का संचार किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इसने दिखाया है कि सरकार किसान हितैषी भी हो सकती है और उद्योगों की भी मदद कर सकती है और एक साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को विकसित कर सकती है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक प्रस्तुति दी जिसका मूल वाक्य ‘‘ बदलते भारत के 48 महीने ’’ था। सीतारमण ने कहा कि सरकार के चार साल के कार्यकाल में देश में स्वच्छता कवरेज 2014 में 38 फीसदी से बढ़कर 2018 में 83 फीसदी हो गया जिसमें 7.25 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि 3.6 लाख गांवों को खुले में शौच मुक्त घोषित किया गया। सीतारमण ने कहा कि 31.52 करोड़ से ज्यादा जन धन खाते खोले गए और 5.22 करोड़ परिवारों को 330 रुपए के वार्षिक प्रीमियम पर दिए गए जीवन बीमा कवर से फायदा हुआ। उन्होंने कहा कि 2013-2017 के बीच वर्तमान मूल्यों में भारत के जीडीपी में 31 फीसदी बढ़ोतरी हुई जबकि इसी अवधि में वैश्विक बढ़ोतरी चार फीसदी रही। उन्होंने किसानों की आय दोगुना करने और महिला सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह , नितिन गडकरी और सुषमा स्वराज सहित कई अन्य भाजपा नेता भी मौजूद थे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



