गठबंधन पर बातचीत को साबित करें या राजनीति छोड़ें मोदी : स्टालिन

Summary :

स्टालिन ने कहा वह ही पहले व्यक्ति थे जिन्होंने राहुल की प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर नाम को आगे बढ़ाया था और मोदी को ‘फासीवादी और तानाशाह’ कहा था।

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) नेता एम.के.स्टालिन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तमिलसाई सुंदरराजन को चुनौती देते हुए कहा कि या तो वे यह साबित करें कि वह (स्टालिन) चुनाव बाद गठबंधन के लिए उनकी पार्टी (भाजपा) से बातचीत कर रहे हैं या फिर वे राजनीति छोड़ दें।

सुंदरराजन ने दावा किया था कि स्टालिन चुनाव बाद गठबंधन के लिए मोदी के साथ वार्ता कर रहे हैं। उनके दावे को खारिज करते हुए द्रमुक प्रमुख ने कहा कि वह राजनीति छोड़ देंगे अगर सुंदरराजन यह साबित कर दें कि वह चुनाव बाद गठबंधन के लिए भाजपा से बात कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर वे लोग अपने दावे को साबित नहीं कर पाए तो क्या सुंदरराजन और मोदी राजनीति छोड़ देंगे।

तमिलनाडु में केंद्रीय नौकरियां उत्तर भारतीय लोगों को बांटी जा रहीं : स्टालिन

उन्होंने कहा, “हार के कगार पर खड़ी भाजपा लोगों के दिमाग में असमंजस की स्थिति पैदा करने में माहिर है। चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए 19 मई को होने वाले उप चुनाव के दौरान भी द्रमुक से अल्पसंख्यक मतदाताओं को दूर रखने के लिए सुंदरराजन ने ऐसे ही बयान दिए थे।” स्टालिन ने यह भी कहा कि वह ही पहले व्यक्ति थे जिन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर नाम को आगे बढ़ाया था और मोदी को ‘फासीवादी, परपीड़क और तानाशाह’ कहा था।

Desk Team