कोहिमा : नगालैंड भाजपा ने बुधवार को कहा कि दशकों पुरानी नगा राजनीतिक समस्या का समाधान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दूसरे कार्यकाल में हो जाएगा।
भाजपा नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री वाई पैट्टन ने यहां आरोप लगाया कि नगा मुद्दे को कांग्रेस के 35-40 शासन के दौरान अनसुलझा छोड़ दिया गया ।
दरअसल मोदी सरकार ने अगस्त, 2015 में एनएससीएन (आईएम)के साथ प्रारूप समझौता किया था। छह नगा राष्ट्रवादी राजनीतिक संगठन शांति वार्ता में अलग अलग शामिल हुए। लेकिन नगा समस्या के समाधान के संदर्भ में बात बहुत आगे नहीं बढ़ी।
शानदार जीत के साथ केंद्र में भाजपा की वापसी पर खुशी मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में पैट्टन ने कहा, ‘‘ केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार अपने कार्यकाल के दौरान निश्चित ही इस नगा राजनीतिक मुद्दे का समाधान करेगी। ’’
उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नगाओं के अनोखे इतिहास को स्वीकार किया था।
नगालैंड की पीपुल्स डेमोक्रेटिक एलायंस सरकार , जिसमें भाजपा भागीदार है, के बारे में पैट्टन ने कहा, ‘‘ भाजपा के हम 12 विधायक मुख्यमंत्री नीफू रियो के साथ हैं.. 2023 तक कोई संकट नहीं होगा।’’ राज्य में अगला विधानसभा चुनाव 2023 में हैं।


Download Android App
Download iOS App



