उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की गारंटी ही ‘मोदी की गारंटी’ है और यह शत-प्रतिशत जमीन पर उतरेगी। मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ और वाराणसी में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ कार्यक्रमों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा, ”देश और प्रदेश में खुशहाली, सुरक्षा, समृद्धि के साथ भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की गारंटी ही ‘मोदी की गारंटी’ है। यह शत प्रतिशत क्रियान्वित होने वाली गारंटी है।” उन्होंने कहा, ”हम सभी भारतीयों का संकल्प होना चाहिए कि हमारा देश दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बने। इसके लिए आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद और भ्रष्टाचार को समाप्त करना होगा। देश की जनता की खुशहाली से ही भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा।”
पहले योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था: CM योगी
आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा, ”पहले योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था, मिलता था तो केवल चूरन। योजनाओं में भ्रष्टाचार और बंदरबांट होती थी, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने खत्म कर दिया। यही ‘मोदी की गारंटी’ है और इसी संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का आयोजन प्रदेश की हर ग्राम सभा में किया जा रहा है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का उद्देश्य यही है कि जो लोग सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं वो अपने अनुभव ‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’ के माध्यम से अभिव्यक्त करें। उन्होंने कहा कि जो लोग योजनाओं से अब तक लाभान्वित नहीं हुए हैं, उनके लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गये हैं, जहां वह योजनाओं के लिए पंजीकरण करा सकेंगे और यहां हाथों-हाथ पंजीकरण हो रहा है।
इस जिले में अब भय और आतंक नहीं बल्कि विकास है: CM योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ जब जनता को बिना भेदभाव के देने का कार्य होता है, तो उसके पीछे सरकार के संकल्प दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता को योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत मिले, इसके लिए गांव-गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। उत्तर प्रदेश में 526 वीडियो वैन भी इस कार्य में लगाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि इस जिले में अब भय और आतंक नहीं बल्कि विकास है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है, जिससे रोजगार के नये अवसरों का सृजन होगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन से पहले छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। साथ ही धात्री महिलाओं को पोषण पोटली भी वितरित की। इस मौके पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने मंच से अपने अनुभवों को साझा किया।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



