रायपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर आज सुबह रायपुर पहुंचे। वह ‘भारत की जनजातियों की अस्मिता एवं अस्तित्व’ विषय पर दो दिवसीय समग्र चिंतन शिविर में भाग लेंगे। चिंतन शिविर के मीडिया प्रभारी आशुतोष मंडावी ने आज यहां बताया कि भागवत आज सुबह रेल मार्ग से रायपुर पहुंचे।
यहां अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंडावी ने बताया कि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के तत्वावधान में ‘भारत की जनजातियों की अस्मिता एवं अस्तित्व’ विषय पर आज एवं कल 20 जून को दो दिवसीय समग्र चिंतन शिविर का आयोजन किया गया है। यह चिंतन शिविर आज से ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में प्रारंभ होगा|
इस शिविर में देश भर के जनजाति समाज के 140 चिंतक एवं सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे| उन्होंने बताया कि शिविर में वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेवराम उरांव सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता भाग लेंगे| मंडावी ने बताया कि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव और केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री सुदर्शन भगत भी चिंतन शिविर में भाग लेंगे।
छत्तीसगढ़ में पिछले छह महीने में आरएसएस प्रमुख का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले भागवत इस वर्ष जनवरी महीने में रायपुर प्रवास पर थे।इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया था।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



