मुख्यमंत्री मोहन यादव दीपावली से एक दिन पहले राम के धाम पहुंचे

Summary :

भोपाल, 7 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की दो धार्मिक नगरी ओरछा और चित्रकूट धाम से भगवान श्री राम का गहरा नाता है। ओरछा बुंदेलखंड की अयोध्या है। जहां भगवान राम को राजा माना जाता है, वहीं चित्रकूट में वनवास के दौरान राम ने बड़ा कालखंड यहां गुजरा था। इन दोनों स्थान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे और उन्होंने दीपावली से एक दिन पहले धार्मिक अनुष्ठान मे हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दीपावली पर्व के अवसर पर भगवान श्री राम की तपोभूमि सतना जिले के चित्रकूट पहुंचकर पवित्र मंदाकिनी नदी में दीपदान किया। प्रदेश और देश के नागरिकों की सुख…

भोपाल, 7 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की दो धार्मिक नगरी ओरछा और चित्रकूट धाम से भगवान श्री राम का गहरा नाता है। ओरछा बुंदेलखंड की अयोध्या है। जहां भगवान राम को राजा माना जाता है, वहीं चित्रकूट में वनवास के दौरान राम ने बड़ा कालखंड यहां गुजरा था। इन दोनों स्थान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे और उन्होंने दीपावली से एक दिन पहले धार्मिक अनुष्ठान मे हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दीपावली पर्व के अवसर पर भगवान श्री राम की तपोभूमि सतना जिले के चित्रकूट पहुंचकर पवित्र मंदाकिनी नदी में दीपदान किया। प्रदेश और देश के नागरिकों की सुख समृद्धि की कामना की और चित्रकूट धाम के संतों का शाल, श्रीफल और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया।

उन्होंने कहा कि जहां अन्य देशों में पर्यटन की दृष्टि से ही विभिन्न स्थानों का विकास होता है, वहीं हमारे देश में नागरिकों के लिए तीर्थाटन की दृष्टि से धार्मिक महत्व के स्थानों के समग्र विकास पर ध्यान दिया जाता है। भारतीय संस्कृति की यही विशेषता है कि ऐसे स्थानों पर आने से सभी के मनोभाव पावन हो जाते हैं। चित्रकूट क्षेत्र का विकास भी इसी अवधारणा पर केंद्रित है। उज्जैन के महाकाल लोक की तरह ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक का निर्माण किया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्रीरामराजा सरकार मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा का श्रीराम राजा मंदिर हम सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। हमारी सरकार बनने के बाद श्रीरामराजा लोक के विकास एवं निर्माण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से ओरछा एक अद्भुत स्थल है। इसका अत्यंत ऐतिहासिक महत्व भी है, ओरछा आकर सबका मन यहीं का हो जाता है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी में भगवान विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम धाम तथा उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। मध्य प्रदेश में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास का वातावरण बना है। ओरछा में भी इसी प्रकार की समृद्धि और विकास लाने के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है।

उन्होंने श्रीराम राजा सरकार के दर्शन एवं पूजन के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीराम दिन में ओरछा में राजा के रूप में विराजमान रहते हैं। भगवान श्रीराम हम सभी के आराध्य हैं, और हम सब उन्हें श्रद्धा से नमन करते हैं। दीपावली के पावन पर्व से एक दिन पूर्व रूप चौदस के अवसर पर ओरछा आकर श्रीरामराजा सरकार के दर्शन एवं नमन करने का सौभाग्य मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा है कि समाज के सभी वर्गों, किसानों, युवाओं, गौपालकों सहित प्रत्येक नागरिक का कल्याण हो तथा सरकार की सभी जनहितैषी नीतियां अपने मूल उद्देश्य से सफल सिद्ध हों। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के इस अद्भुत केंद्र ओरछा में भी विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित हों, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सभी जिम्मेदार अधिकारियों को श्रीरामराजा लोक के अंतर्गत चल रहे सभी श्रेणियों के निर्माण एवं विकास कार्यों को तय समय-सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रूप चौदस एवं दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.